पीरपैंती में अदाणी पावर प्लांट के रेल कॉरिडोर और सड़क परियोजना पर जनसुनवाई, 146 एकड़ जमीन के अधिग्रहण पर हुई चर्चा

सामाजिक प्रभाव मूल्यांकन (SIA) के तहत रैयतों से संवाद, अधिकारियों ने मुआवजा और भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया की दी जानकारी

भागलपुर: भागलपुर जिले के पीरपैंती प्रखंड परिसर में प्रस्तावित पावर प्लांट से जुड़ी रेल कॉरिडोर और सड़क निर्माण परियोजना को लेकर सामाजिक प्रभाव मूल्यांकन (SIA) के तहत जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों और एसआईए टीम ने प्रभावित रैयतों से सीधा संवाद करते हुए उन्हें भूमि अधिग्रहण से जुड़ी प्रक्रिया, मुआवजा व्यवस्था और परियोजना के उद्देश्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

जनसुनवाई में बड़ी संख्या में स्थानीय रैयत और ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने बताया कि प्रस्तावित परियोजना के तहत पावर प्लांट तक रेल कॉरिडोर और सड़क का निर्माण किया जाना है, जिसके लिए आसपास के क्षेत्रों की जमीन अधिग्रहित की जाएगी।

अधिकारियों ने दी परियोजना की जानकारी

कार्यक्रम में अपर जिला भू-अर्जन पदाधिकारी विक्रम भास्कर झा, प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिमन्यु कुमार, बीएसपीजीसीएल के अधिकारी शशिकांत कुमार और दीपक कुमार के साथ-साथ एसआईए रिसर्च संस्थान के प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर मसखूर हुसैन मौजूद रहे।

अधिकारियों ने उपस्थित रैयतों को बताया कि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया सरकार द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार की जाएगी। साथ ही प्रभावित किसानों और भूमि मालिकों को नियमानुसार मुआवजा देने की प्रक्रिया भी विस्तार से समझाई गई।

करीब 146 एकड़ जमीन का होगा अधिग्रहण

जनसुनवाई के दौरान अधिकारियों ने जानकारी दी कि प्रस्तावित रेल कॉरिडोर और सड़क परियोजना के लिए लगभग 146 एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया जाना प्रस्तावित है। इस परियोजना से कुल 169 रैयतों की जमीन प्रभावित होगी।

बताया गया कि यह भूमि हरिणकोल, बंधु जयराम, बसंतपुर और नगर पंचायत पीरपैंती क्षेत्र में स्थित है। परियोजना के तहत इन क्षेत्रों में रेल लाइन और सड़क मार्ग का निर्माण किया जाएगा, जिससे पावर प्लांट से जुड़े परिवहन और लॉजिस्टिक कार्यों को सुविधा मिलेगी।

रैयतों ने रखे अपने सवाल और सुझाव

जनसुनवाई के दौरान कई रैयतों ने समिति के सामने अपनी चिंताएं, सवाल और सुझाव भी रखे। भूमि अधिग्रहण, मुआवजा और परियोजना से होने वाले संभावित प्रभावों को लेकर ग्रामीणों ने अधिकारियों से जानकारी मांगी।

एसआईए टीम और प्रशासनिक अधिकारियों ने रैयतों के सवालों का जवाब देते हुए उन्हें परियोजना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी और आश्वस्त किया कि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से की जाएगी।

स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि भी रहे मौजूद

इस जनसुनवाई में हरिणकोल के रैयत वीरेंद्र सिंह, मुन्ना सिंह, बसंतपुर के अजय सिंह, कुंजवन्ना के जयंत सिंह, बलवंत सिंह, पंकज सिंह, सोनी सिंह, बमबम सिंह और रत्नेश सिंह सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे।

इसके अलावा हीरानंद क्षेत्र के कांतेश कुंवर, बृजकिशोर कुंवर, शिवनारायण कुंवर और इंदु देवी के साथ-साथ बंधुजयराम पंचायत के प्रभु यादव, शिवशंकर यादव, अंकुर कुमार, ब्रजकिशोर और फुलकुमारी देवी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

नगर पंचायत क्षेत्र से निर्मल शाह, विजय कुमार साह, मो. शरीफ अंसारी, मो. महताब आलम और मो. शमीम सहित अन्य रैयत भी इस जनसुनवाई में मौजूद रहे। कार्यक्रम में हरिणकोल पंचायत के सरपंच वरुण गोस्वामी सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण भी उपस्थित थे।

प्रशासन की ओर से बताया गया कि सामाजिक प्रभाव मूल्यांकन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगे की औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी और परियोजना से जुड़े अगले चरणों पर काम शुरू किया जाएगा।

  • ये भी पढ़े..

    भागलपुर : जिलाधिकारी ने किया ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

    Share Add as a preferred…