स्पोर्ट्स डेस्क: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में भारतीय क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर इतिहास रच दिया। इस जीत के साथ ही भारत ने लगातार दूसरी बार टी-20 विश्व कप का खिताब अपने नाम किया। टीम इंडिया की इस बड़ी उपलब्धि के बाद पूरे देश में जश्न का माहौल है और देशभर से खिलाड़ियों को बधाइयां मिल रही हैं।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी भारतीय टीम को इस ऐतिहासिक जीत पर शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए टीम के शानदार प्रदर्शन की सराहना की और इसे देश के लिए गौरव का क्षण बताया।
सीएम नीतीश कुमार ने अपने संदेश में कहा कि भारतीय क्रिकेट टीम को टी-20 वर्ल्ड कप जीतने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। यह जीत पूरे देश के लिए गर्व और खुशी का पल है। खिलाड़ियों ने अपने अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्ट प्रदर्शन से दुनिया के सामने भारत का परचम लहराया है।
कप्तान सूर्यकुमार यादव और टीम की तारीफ
मुख्यमंत्री ने टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव की कप्तानी की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में टीम ने बेहतरीन खेल दिखाया। साथ ही सभी खिलाड़ियों, कोच और सपोर्ट स्टाफ को भी इस ऐतिहासिक सफलता के लिए बधाई दी।
ईशान किशन पर जताया गर्व
सीएम नीतीश कुमार ने खास तौर पर बिहार के प्रतिभाशाली खिलाड़ी ईशान किशन की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने अपने शानदार प्रदर्शन से टीम की जीत में अहम योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि ईशान किशन जैसे खिलाड़ी बिहार और पूरे देश के युवाओं के लिए प्रेरणा हैं।
फाइनल मुकाबले में भारत का दमदार प्रदर्शन
फाइनल मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। भारत की ओर से संजू सैमसन ने 89 रन की शानदार पारी खेली, जबकि अभिषेक शर्मा ने 52 और ईशान किशन ने 54 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने ज्यादा देर टिक नहीं सकी और 19 ओवर में 159 रन पर सिमट गई। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट लिए, जबकि अक्षर पटेल ने 3 विकेट झटके। इसके अलावा हार्दिक पंड्या और वरुण चक्रवर्ती को भी एक-एक सफलता मिली।
इस शानदार जीत के साथ भारत टी-20 विश्व कप इतिहास में अपनी सरजमीं पर खिताब जीतने वाली और कुल तीन बार ट्रॉफी जीतने वाली पहली टीम बन गई है। देशभर में इस ऐतिहासिक जीत को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।


