नालंदा: बिहार के नालंदा जिले के सिलाव थाना क्षेत्र के पांकी गांव में प्रेम प्रसंग को लेकर एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 25 वर्षीय मणि कुमार के रूप में हुई है। वह दो बच्चों का पिता था और होली के दिन यानी 4 मार्च से लापता था।
शनिवार को गांव के महादेव खंधा स्थित तालाब से उसका शव बरामद होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
होली के दिन से था लापता
परिजनों के अनुसार, मणि कुमार होली के दिन से ही घर से गायब था। परिवार और ग्रामीणों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
शनिवार को गांव के कुछ लोगों ने महादेव खंधा तालाब में एक शव तैरता हुआ देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही सिलाव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर कब्जे में ले लिया। शव की पहचान मणि कुमार के रूप में होते ही परिवार में कोहराम मच गया।
शरीर पर मिले चोट के निशान
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में शव पर कई जगह गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। इसके बाद परिजन युवक की पीट-पीटकर हत्या किए जाने की आशंका जता रहे हैं।
परिजनों का आरोप है कि विवाद के कारण मणि कुमार की हत्या कर शव को तालाब में फेंक दिया गया।
प्रेम प्रसंग को लेकर हुआ था विवाद
मामले की जड़ प्रेम प्रसंग बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार मणि कुमार की पत्नी करीब एक महीने पहले दिल्ली चली गई थी। इसी दौरान गांव की एक युवती से उसका प्रेम संबंध चल रहा था, जिसकी जानकारी दोनों परिवारों को थी।
बताया जा रहा है कि होली के दिन कुछ लोगों ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया, जिसके बाद दोनों परिवारों के बीच जमकर विवाद हुआ। इस मामले को लेकर थाने में आवेदन भी दिया गया था।
युवती रिश्ते में लगती थी चचेरी बहन
मृतक की मां के अनुसार, युवती रिश्ते में मणि कुमार की चचेरी बहन लगती थी। इसी वजह से गांव और परिवार में पहले से तनाव की स्थिति बनी हुई थी और इस संबंध को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था।
मृतक की मां ने बताया,
“होली की रात लड़की दीवार फांदकर घर में आई थी और मणि के साथ कमरे में बंद थी। बाद में लड़की को उसके परिवार के हवाले कर दिया गया था। उसी समय लड़की के परिवार ने जान से मारने की धमकी दी थी। वह दो दिनों से लापता था और आज उसका शव गांव के खंधा में मिला है।”
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
राजगीर डीएसपी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है।
उन्होंने कहा,
“अवैध संबंध के कारण युवक की हत्या की आशंका है। एफएसएल टीम की मदद से जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।”


