निशांत की राजनीति में एंट्री के बीच शराबबंदी पर भी बोले मंत्री श्रवण कुमार

बिहारशरीफ: बिहार सरकार के ग्रामीण कार्य सह परिवहन मंत्री श्रवण कुमार शनिवार को एक दिवसीय दौरे पर अपने गृह क्षेत्र नालंदा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जिला मुख्यालय बिहारशरीफ प्रखंड कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत की और राज्य की मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर कई अहम बयान दिए।

8 मार्च को राजनीति में एंट्री करेंगे निशांत कुमार

मंत्री श्रवण कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार रविवार 8 मार्च को जनता दल (यूनाइटेड) की सदस्यता लेंगे। इसके साथ ही उनकी औपचारिक रूप से राजनीति में एंट्री हो जाएगी।

उन्होंने कहा कि पार्टी का शीर्ष नेतृत्व यह तय करेगा कि निशांत कुमार को कौन सा पद दिया जाएगा।

मंत्री ने कहा,
“निशांत कुमार पढ़े-लिखे और सक्षम युवा हैं। उनके आने से पार्टी को नई ऊर्जा मिलेगी और नई पीढ़ी के नौजवानों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। उनके नेतृत्व में पार्टी और मजबूत होगी और बिहार विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।”

शराबबंदी कानून पर भी दिया बड़ा बयान

शराबबंदी कानून को लेकर पूछे गए सवाल पर श्रवण कुमार ने कहा कि जब तक नीतीश कुमार की नीतियां हैं, तब तक शराबबंदी कानून को कोई खत्म नहीं कर सकता।

उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार चाहे मुख्यमंत्री रहें या नहीं, लेकिन उनकी नीति और सिद्धांतों से कोई समझौता नहीं होगा।

राज्यसभा जाने की इच्छा जता चुके हैं नीतीश कुमार

वहीं नालंदा से जदयू सांसद कौशलेंद्र कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्वयं राज्यसभा जाने की इच्छा जताई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जदयू और एनडीए का गठबंधन मजबूत है और आगे भी बना रहेगा।

सांसद ने कहा कि नीतीश कुमार भले ही दिल्ली जाएं, लेकिन वे बिहार की राजनीति और विकास पर ही अधिक ध्यान देंगे।

शराबबंदी से वित्तीय संकट के सवाल पर क्या बोले सांसद

शराबबंदी से राज्य को होने वाले राजस्व नुकसान के सवाल पर सांसद कौशलेंद्र कुमार ने कहा कि वित्तीय संकट तो समय-समय पर आते रहते हैं, लेकिन समाज से बुराइयों को खत्म करना अधिक महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि शराबबंदी से समाज में सकारात्मक बदलाव आया है और बिहार के युवाओं को आगे बढ़ने का मौका मिला है।

दिव्यांगों को वितरित की गई ट्राई साइकिल

नालंदा में समाज कल्याण विभाग की ओर से दिव्यांगों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से ट्राई साइकिल वितरण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इस दौरान जिले के 10 दिव्यांगों को ट्राई साइकिल देकर उन्हें हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

कार्यक्रम में जदयू सांसद कौशलेंद्र कुमार, बिहारशरीफ के अधिकारी और पार्टी के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

शराबबंदी कानून की समीक्षा की चर्चाएं तेज

नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की खबरों के बीच बिहार में शराबबंदी कानून के भविष्य को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि अगर नई सरकार बनती है तो शराबबंदी कानून की समीक्षा की जा सकती है।

एनडीए के कुछ सहयोगी दल और विपक्ष लंबे समय से राजस्व नुकसान और अवैध शराब कारोबार का हवाला देते हुए इस कानून में बदलाव की मांग करते रहे हैं।


 

  • Related Posts

    UPSC Mystery: एक रैंक, दो दावेदार! ‘आकांक्षा’ नाम पर उलझा 301वीं रैंक का सस्पेंस;ब्रह्मेश्वर’मुखिया’ की पोती या एम्स की डॉक्टर? सोमवार को खुलेगा राज

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    “मैम प्लीज पास कर देना!” भागलपुर में एग्जाम कॉपी चेक करते समय परीक्षकों का चकराया सिर; किसी ने दी ‘कसम’ तो किसी ने सुनाई दास्तां-ए-इश्क और मजबूरी

    Share Add as a preferred…

    Continue reading