श्रीलंका की टीम अपनी मेजबानी में खेले जा रहे टी20 विश्व कप 2026 में उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी। सुपर 8 में खराब प्रदर्शन के बाद टीम पहले ही सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो चुकी थी। आखिरी मुकाबले में पाकिस्तान के खिलाफ घरेलू दर्शकों के सामने जीत के साथ विदाई लेने का मौका था, लेकिन करीबी मैच में हार ने निराशा और बढ़ा दी।
इस हार के बाद श्रीलंकाई क्रिकेट में हलचल तेज हो गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक टीम के हेड कोच Sanath Jayasuriya अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं। हालांकि अभी तक उनकी ओर से आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
जून में खत्म हो रहा कार्यकाल
बताया जा रहा है कि जयसूर्या का कार्यकाल इसी साल जून में समाप्त होना है। साल 2024 के टी20 विश्व कप के बाद उन्हें टीम का हेड कोच बनाया गया था। अब लगातार खराब प्रदर्शन के बाद उनके भविष्य को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।
सुपर 8 में पूरी तरह फिसली टीम
श्रीलंका ने टूर्नामेंट की शुरुआत शानदार अंदाज में की थी और ग्रुप स्टेज में मजबूत प्रदर्शन किया। लेकिन सुपर 8 में टीम पूरी तरह पटरी से उतर गई। खेले गए तीन मुकाबलों में एक भी जीत दर्ज नहीं कर सकी।
घरेलू परिस्थितियों और दर्शकों के समर्थन के बावजूद टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। अब देखना होगा कि श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड इस पूरे मामले में क्या फैसला लेता है और क्या वाकई जयसूर्या अपने पद से इस्तीफा देते हैं या नहीं।


