बिहार के कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र में दिल्ली-कोलकाता नेशनल हाईवे NH-19 पर शुक्रवार तड़के करीब 3 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। जमशेदपुर से वाराणसी जा रही एक यात्री बस और मोहनिया से सासाराम की ओर जा रहे ट्रॉली ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में एक मासूम बच्चे समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दर्जनों यात्री घायल बताए जा रहे हैं। कई घायलों की हालत गंभीर है।
बस में मची अफरा-तफरी, सीटों में फंसे यात्री
हादसे के समय ज्यादातर यात्री गहरी नींद में थे। अचानक तेज झटके और जोरदार धमाके के साथ बस में चीख-पुकार मच गई। सामने का हिस्सा बुरी तरह चकनाचूर होने से कई यात्री सीटों में फंस गए।
एक यात्री ने बताया कि टक्कर की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी। आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव में जुट गए।
स्थानीय निवासी पिंटू यादव ने बताया कि आवाज सुनते ही लोग दौड़ पड़े और पुलिस को सूचना देते हुए बस में फंसे लोगों को बाहर निकालने में मदद की।
तीन लोगों की मौत, पहचान की प्रक्रिया जारी
मृतकों में एक मासूम बच्चा शामिल है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक उत्तर प्रदेश के निवासी बताए जा रहे हैं। परिजनों को सूचना दी जा रही है।
तेज रफ्तार और झपकी बनी वजह?
पुलिस की शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और चालक की संभावित झपकी को हादसे का कारण माना जा रहा है। NH-19 पर रात के समय भारी वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है और थकान के कारण दुर्घटनाएं अक्सर सामने आती हैं। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि विस्तृत जांच के बाद ही वास्तविक कारणों की पुष्टि होगी।
पुलिस और ग्रामीणों ने बचाई कई जानें
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112, कुदरा थाना पुलिस और NHAI की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस ने बताया कि गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। मामले की गहन जांच जारी है।
इस हादसे ने एक बार फिर NH-19 पर सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने घटना पर दुख जताते हुए पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है।


