आईपीएल के 19वें सीजन की शुरुआत में अब एक महीने से भी कम समय बचा है और सभी टीमें तैयारियों में जुटी हैं। इसी बीच टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और Chennai Super Kings के स्टार खिलाड़ी MS Dhoni झारखंड के प्रसिद्ध मां देवड़ी मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने पूजा-अर्चना कर माता रानी का आशीर्वाद लिया।
धोनी के मंदिर पहुंचने का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
रांची में परिवार के साथ समय बिता रहे हैं धोनी
एमएस धोनी इन दिनों अपने होमटाउन रांची में परिवार के साथ समय बिता रहे हैं। आईपीएल 2026 में वह एक बार फिर चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से खेलते नजर आएंगे। सीजन शुरू होने से पहले वह रांची से करीब 60 किलोमीटर दूर स्थित मां देवड़ी मंदिर पहुंचे और विधि-विधान से पूजा की।
माथे पर तिलक और हाथ में लाल चुनरी लिए धोनी की झलक पाने के लिए मंदिर परिसर के बाहर फैंस की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
मंदिर से है गहरा नाता
धोनी और मां देवड़ी मंदिर के बीच गहरा आध्यात्मिक संबंध माना जाता है। कहा जाता है कि जब भी धोनी रांची में होते हैं, तो इस मंदिर में दर्शन जरूर करते हैं। आईपीएल जैसे बड़े टूर्नामेंट से पहले उनका यहां पहुंचना फैंस के बीच चर्चा का विषय बन गया है।
700 साल पुराना है मंदिर का इतिहास
रांची के पास देवड़ी गांव में स्थित यह प्राचीन मंदिर करीब 700 साल से भी ज्यादा पुराना माना जाता है। इसके निर्माण काल को लेकर स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं है, लेकिन श्रद्धालुओं की आस्था अटूट है। मान्यता है कि सच्चे मन से मां के दरबार में की गई प्रार्थना अवश्य पूरी होती है।
अब फैंस को उम्मीद है कि मां देवड़ी का आशीर्वाद लेकर धोनी आईपीएल 2026 में एक बार फिर मैदान पर अपना जादू बिखेरेंगे।


