बिहार के Nalanda जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। ताजा मामला मानपुर थाना क्षेत्र के डम्बर बिगहा गांव का है, जहां महज 5 हजार रुपये के विवाद में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में मातम और आक्रोश का माहौल है।
फोन कर घर से बुलाया, रची गई साजिश
मृतक की पहचान डम्बर बिगहा निवासी 21 वर्षीय सौरभ कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार बीती रात सौरभ के मोबाइल पर कॉल आया। उसे बकाया रकम लौटाने की बात कहकर घर से बाहर बुलाया गया था। लेकिन यह एक साजिश निकली।
मृतक की मां उर्मिला देवी ने बताया कि सौरभ का किसी के ऊपर 5 हजार रुपये बकाया था। पैसे लेने के लिए वह अपने एक दोस्त के साथ डम्बर बिगहा गांव की ओर गया था। जैसे ही वह वहां पहुंचा, बदमाशों ने उसे गोली मार दी और मौके से फरार हो गए।
“गाड़ी में बैठाकर ले गया और गोली मार दिया। पैसा लाने के लिए घर से दो लोग निकले थे। दोस्त के साथ गया था।” — उर्मिला देवी, मृतक की मां
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना के बाद परिजन घायल सौरभ को तुरंत पावापुरी स्थित अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही डीएसपी सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को शांत कराया।
एएसपी Noorul Haque ने बताया कि रात करीब 10 बजे थाना को सूचना मिली थी कि युवक को फोन कर घर से बुलाकर गोली मारी गई है। प्रारंभिक जांच में रुपये के लेन-देन का विवाद सामने आया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल भेजा और एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है।
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है। इस घटना ने एक बार फिर जिले में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


