बाढ़ (पटना) | 25 फरवरी, 2026: राजधानी पटना के बाढ़ अनुमंडल से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने शिक्षा के मंदिर को कलंकित कर दिया है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो में एक सरकारी शिक्षक, एक महिला पर डंडे से ताबड़तोड़ प्रहार करता नजर आ रहा है। यह वीडियो उस मर्यादा को तार-तार कर रहा है, जहाँ शिक्षक को समाज का मार्गदर्शक माना जाता है।
31 सेकंड का ‘खूनी’ ड्रामा: गाली-गलौज से शुरू हुई बात, डंडे पर हुई खत्म
वायरल वीडियो करीब 31 सेकंड का है। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक महिला कुछ विवाद को लेकर गाली देते हुए विद्यालय परिसर में पहुँचती है। स्कूल में मौजूद महिला शिक्षक और उस महिला के बीच पहले तीखी बहस और चिल्ला-चिल्ली होती है। इसी बीच, एक पुरुष शिक्षक हाथ में डंडा लेकर आता है और बिना सोचे-समझे महिला पर कई बार जोरदार प्रहार कर देता है। स्कूल के भीतर हुई इस हिंसा को देख वहां मौजूद लोग भी सन्न रह गए।
VOB की पड़ताल: इब्राहिमपुर पंचायत का है मामला
’द वॉयस ऑफ बिहार’ ने जब इस वायरल वीडियो की गहराई से पड़ताल की, तो इसकी लोकेशन और किरदार साफ हो गए:
- स्कूल का नाम: प्राथमिक विद्यालय नया टोला, इब्राहिमपुर (बाढ़ प्रखंड)।
- आरोपी शिक्षक: गौतम कुमार। जब हमारे संवाददाता ने स्कूल पहुँचकर शिक्षक से इस बारे में सवाल किया, तो उन्होंने अपनी सफाई में एक अजीबोगरीब दलील दी।
शिक्षक की सफाई: “वो मेरी दोस्त है, वीडियो पुराना है”
आरोपी शिक्षक गौतम कुमार ने कैमरे के सामने स्वीकार किया कि वीडियो उन्हीं का है, लेकिन बचाव में कहा— “यह वीडियो पुराना है। जिस महिला की पिटाई हो रही है, वह मेरी दोस्त है।” हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि स्कूल के बाहर का कोई भी निजी मामला विद्यालय परिसर के भीतर इस तरह हिंसक रूप नहीं लेना चाहिए था।


