पूर्णिया (बिहार) – अब सीमांचल और नेपाल से जुड़े क्षेत्रों के यात्रियों के लिए पूर्णिया एयरपोर्ट तक पहुंचना और आसान हो गया है। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) ने पूर्णिया हवाई अड्डे से जोगबनी मार्ग पर दो नई बसें चलाना शुरू किया है।
18 फरवरी से विशेष परमिट के तहत चल रही इन बसों का रजिस्ट्रेशन नंबर BR-01 PH-3569 और BR-01 PH-4371 है। यह बसें सीधे जोगबनी तक जाएंगी, जिससे पहले टैक्सी या निजी वाहन का सहारा लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
BSRTC के क्षेत्रीय प्रबंधक प्रतीक कुमार के अनुसार, पूर्णिया एयरपोर्ट से जोगबनी के लिए पहली बस सुबह 9:45 बजे और दूसरी दोपहर 2:45 बजे चलेगी। वहीं जोगबनी से एयरपोर्ट के लिए पहली बस सुबह 6:30 बजे और दूसरी दोपहर 2:30 बजे प्रस्थान करेगी। यह समय-सारिणी फ्लाइट शेड्यूल के अनुसार तैयार की गई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 सितंबर 2025 को पूर्णिया हवाई अड्डे का उद्घाटन किया था। वर्तमान में एयरपोर्ट से दिल्ली, हैदराबाद, कोलकाता और अहमदाबाद के लिए उड़ानें उपलब्ध हैं। आने वाले समय में मुंबई, गुवाहाटी और बेंगलुरु के लिए भी उड़ानें शुरू करने की योजना है।
हालांकि, एयरपोर्ट तक पहुंचने वाली सड़क फिलहाल सिंगल लेन है। इसे फोरलेन में बदलने के लिए प्रस्ताव तैयार किया गया है। भविष्य में फोरलेन सड़क और बस सेवा के विस्तार से पूर्णिया एयरपोर्ट की उपयोगिता और यात्रियों की सुविधा बढ़ेगी।


