रेल मंत्रालय ने वर्ष 2026 में भारतीय रेलवे में सहायक लोको पायलट (ALP) के 11,127 पदों पर भर्ती को मंजूरी दे दी है। रेलवे बोर्ड द्वारा 19 फरवरी 2026 को जारी आदेश के अनुसार इन पदों के लिए वेतन स्तर-2 के तहत केंद्रीकृत रोजगार अधिसूचना (Centralized Employment Notification) जारी की जाएगी। यह भर्ती सभी जोनल रेलवे और चितरंजन लोकोमोटिव वर्क्स के लिए की जाएगी।
जोनों से मांगी गई रिक्तियों की अद्यतन जानकारी
रेलवे बोर्ड ने सभी क्षेत्रीय महाप्रबंधकों को पत्र लिखकर खाली पदों की अद्यतन जानकारी मांगी है। ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट सिस्टम (HRMS) के इंडिकेट मैनेजमेंट मॉड्यूल में जोनल रेलवे द्वारा भेजे गए आकलन की समीक्षा के बाद सक्षम प्राधिकारी ने 11,127 पदों पर भर्ती की स्वीकृति प्रदान की है।
जोनवार पदों का ब्योरा
स्वीकृत पदों का जोनवार विवरण इस प्रकार है:
- ईस्ट कोस्ट रेलवे – 1,625 पद
- साउथ ईस्टर्न रेलवे – 1,531 पद
- सेंट्रल रेलवे – 1,400 पद
- नॉर्थ ईस्ट फ्रंटियर रेलवे – 1,276 पद
- नॉर्दर्न रेलवे – 740 पद
- ईस्ट सेंट्रल रेलवे – 700 पद
- साउथ सेंट्रल रेलवे – 674 पद
- ईस्टर्न रेलवे – 608 पद
- नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे – 600 पद
- वेस्ट सेंट्रल रेलवे – 541 पद
- नॉर्थ सेंट्रल रेलवे – 457 पद
- साउदर्न रेलवे – 250 पद
- साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे – 200 पद
- साउथ वेस्टर्न रेलवे – 200 पद
- वेस्टर्न रेलवे – 214 पद
- पूर्वोत्तर रेलवे – 105 पद
- चितरंजन लोकोमोटिव वर्क्स – 6 पद
सबसे अधिक पद ईस्ट कोस्ट रेलवे में और सबसे कम पूर्वोत्तर रेलवे में स्वीकृत किए गए हैं।
नोडल एजेंसियां नामित
भर्ती प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए नौ रेलवे बोर्डों को नोडल एजेंसी नामित किया गया है। बोर्ड के कार्यकारी निदेशक ने सभी जोनों के प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
रोजगार के बड़े अवसर की उम्मीद
सहायक लोको पायलट ट्रेन संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वे लोको पायलट की सहायता करते हुए सुरक्षित और सुचारु रेल संचालन सुनिश्चित करते हैं। लंबे समय से रिक्त पड़े पदों को भरने से मानव संसाधन की कमी दूर होने और ट्रेनों के संचालन में सुधार की उम्मीद है।
रेल मंत्रालय द्वारा वर्ष 2026 का वार्षिक भर्ती कैलेंडर भी जारी किया जा चुका है। उम्मीद है कि जल्द ही विस्तृत अधिसूचना जारी कर ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू की जाएगी, जिससे देशभर के लाखों युवाओं को रोजगार का अवसर मिलेगा।


