पैदल यात्रियों को राहत: सीएम नीतीश कुमार ने परिवहन विभाग को दिए 5 बड़े निर्देश

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार सुबह राज्य की सड़कों पर पैदल चलने वाले नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा को लेकर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर विस्तृत पोस्ट साझा करते हुए परिवहन विभाग को पांच अहम निर्देश जारी किए।

सीएम ने बताया कि 20 नवंबर 2025 को नई सरकार के गठन के बाद “सात निश्चय-3 (2025-30)” कार्यक्रम लागू किया गया है। इसके तहत सातवें निश्चय ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ (Ease of Living) के अंतर्गत आम नागरिकों का दैनिक जीवन सरल बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी कड़ी में पैदल यात्रियों की गरिमा (Dignity of Pedestrians) और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ये फैसले लिए गए हैं।

सड़कों पर पैदल यात्रियों के लिए 5 बड़े फैसले

मुख्यमंत्री द्वारा परिवहन विभाग को दिए गए निर्देश इस प्रकार हैं:

  1. फुटपाथ निर्माण: शहरी क्षेत्रों में, खासकर भीड़-भाड़ वाले स्थानों की पहचान कर सड़क सुरक्षा मानकों के अनुसार जल्द से जल्द फुटपाथ बनाए जाएंगे।
  2. जेब्रा क्रॉसिंग: चिह्नित जगहों पर पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए जेब्रा क्रॉसिंग बनाई जाएगी।
  3. फुट ओवरब्रिज और अंडरपास: जरूरत वाले स्थानों पर फुट ओवर ब्रिज, एस्केलेटर और अंडरपास का निर्माण कराया जाएगा।
  4. वाहन चालकों का प्रशिक्षण: सरकारी और निजी वाहन चालकों को प्रशिक्षित किया जाएगा ताकि वे पैदल चलने वालों के अधिकारों के प्रति संवेदनशील बन सकें।
  5. ब्लैक स्पॉट की पहचान और सीसीटीवी: ग्रामीण और शहरी इलाकों में दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट) की पहचान कर वहां फुटपाथ निर्माण और सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जिससे हादसों में कमी लाई जा सके।

बढ़ते वाहनों के बीच पैदल यात्रियों पर फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार तेजी से प्रगति कर रहा है और लोगों की आय बढ़ने के साथ दोपहिया और चारपहिया वाहनों की संख्या भी बढ़ी है। ऐसे में पैदल यात्रियों को असुविधा और जोखिम का सामना करना पड़ता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क पर सुरक्षित और सम्मानपूर्वक चलना पैदल यात्रियों का पहला अधिकार है।

सरकार ने परिवहन विभाग को इन सभी कार्यों को तेजी से लागू करने का निर्देश दिया है। माना जा रहा है कि यह पहल राज्य में सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और आम लोगों के दैनिक जीवन को आसान बनाने की दिशा में अहम कदम साबित होगी।

  • Related Posts

    गोरखपुर हत्याकांड का खुलासा: भतीजे से रंजिश में पूर्व पार्षद की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

    Share Add as a preferred…

    Continue reading