टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का प्रदर्शन अब तक निराशाजनक रहा है। अमेरिका, पाकिस्तान और नीदरलैंड्स के खिलाफ वह बिना खाता खोले आउट हो चुके हैं। लगातार तीन डक के बाद उनकी आलोचना तेज हो गई है और आगामी दक्षिण अफ्रीका मुकाबले में सबकी नजर उन पर टिकी है।
“सफलता मिले या नहीं, तरीका नहीं बदलूंगा”
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच से पहले सामने आए इंटरव्यू में अभिषेक शर्मा ने आलोचकों को जवाब देते हुए कहा कि वह अपने खेलने के अंदाज में कोई बदलाव नहीं करेंगे।
उन्होंने कहा,
“मैं सिर्फ अपनी बल्लेबाजी का आनंद लेता हूं। मैंने दो साल पहले ही चिंता करना छोड़ दिया था, क्योंकि मुझे समझ आ गया कि मेरे हाथ में सिर्फ अभ्यास और ट्रेनिंग है। मैं उसी पर फोकस करता हूं। इसी वजह से मुझ पर कोई दबाव नहीं है।”
अभिषेक ने आगे कहा कि हर बल्लेबाज के करियर में उतार-चढ़ाव आते हैं।
“कभी रन बनते हैं, कभी नहीं। मैंने तय किया है कि मैं अपने तरीके से खेलूंगा। सफलता मिले या नहीं, लेकिन अपनी सोच और अप्रोच नहीं बदलूंगा।”
कप्तान का पूरा समर्थन
लगातार खराब प्रदर्शन के बाद कुछ क्रिकेट फैंस संजू सैमसन को प्लेइंग इलेवन में शामिल करने की मांग कर रहे थे। हालांकि टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अभिषेक पर पूरा भरोसा जताया है।
सूर्यकुमार ने कहा,
“जो लोग अभिषेक की फॉर्म को लेकर चिंता कर रहे हैं, मुझे उनकी चिंता है। आप जानते हैं जब वह बड़े शॉट खेलते हैं तो क्या कर सकते हैं। पिछले एक साल में उन्होंने कई मौकों पर टीम को संभाला है, अब हमारी बारी है उनका साथ देने की।”
अब देखना होगा कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अहम मुकाबले में अभिषेक शर्मा अपने आलोचकों को बल्ले से जवाब दे पाते हैं या नहीं।


