मुजफ्फरपुर: बिहार में जारी निगरानी के सख्त एक्शन के बीच मुजफ्फरपुर में एक और घूसखोर अधिकारी गिरफ्त में आया है। Special Vigilance Unit (SVU) की टीम ने साहेबगंज नगर परिषद के जूनियर इंजीनियर अमन कुमार मिश्रा को 9 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से जिले के सरकारी महकमों में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, SVU कार्यालय में परिवादी राजकुमार तिवारी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि साहेबगंज नगर परिषद के जूनियर इंजीनियर अमन कुमार द्वारा साहेबगंज क्षेत्र में पेवर्स ब्लॉक लगाने के कार्य के एवज में 25 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत मिलने के बाद SVU ने मामले की जांच और सत्यापन कराया, जिसमें आरोप सही पाए गए।
इसके बाद SVU के पुलिस उपाधीक्षक राज कुमार सिंह के नेतृत्व में एक छापेमारी टीम गठित की गई। टीम ने सुनियोजित कार्रवाई करते हुए आरोपी जेई अमन कुमार को 9 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में विशेष निगरानी इकाई थाना में कांड संख्या 7/26 दिनांक 19.02.2026 के तहत धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गौरतलब है कि जिले में पिछले 72 घंटों के भीतर यह तीसरी भ्रष्टाचार से जुड़ी गिरफ्तारी है। 17 फरवरी को प्रभारी जिला कृषि पदाधिकारी हिमांशु कुमार को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते पकड़ा गया था। वहीं 18 फरवरी को सदर थाना के दारोगा भास्कर कुमार मिश्रा को 15 हजार रुपये लेते गिरफ्तार किया गया। अब 19 फरवरी को साहेबगंज नगर परिषद के जेई अमन कुमार की गिरफ्तारी से यह स्पष्ट है कि जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान लगातार जारी है।


