पटना में मेट्रो परियोजना को रफ्तार, जल्द मिल सकती है छह कोच वाली सेवा

पटना में मेट्रो परियोजना के काम में तेजी आ गई है और शहरवासियों को जल्द ही छह कोच वाली मेट्रो सेवा का लाभ मिल सकता है। पटना मेट्रो रेल कॉरपोरेशन द्वारा दोनों कॉरिडोर के लिए आठ से दस रैक की खरीद प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी है। इसके लिए जल्द ही निविदा जारी की जा सकती है। एलिवेटेड और भूमिगत कुल 12.5 किलोमीटर ट्रैक बिछाने का टेंडर भी शीघ्र जारी होने की संभावना है। हालांकि, आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है, लेकिन सूत्रों के अनुसार परियोजना की तैयारियां तेज हैं।

एजेंसी चयन में लगेगा समय, टनल निर्माण अंतिम चरण में

मेट्रो कोच और ट्रैक बिछाने के लिए एजेंसी चयन में लगभग सात से आठ महीने का समय लग सकता है। इस दौरान राजेंद्र नगर, मोइनुल हक स्टेडियम, पटना विश्वविद्यालय, पीएमसीएच, गांधी मैदान, आकाशवाणी होते हुए पटना जंक्शन तक टनल निर्माण का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। इस रूट पर कई हिस्सों में टनल का काम पहले ही पूरा हो चुका है।

चरणबद्ध तरीके से शुरू होगा परिचालन

परियोजना के चौथे चरण में भूमिगत लाइन पर परिचालन शुरू करने की योजना है। इसके तहत मलाही पकड़ी से राजेंद्र नगर, मोइनुल हक स्टेडियम और पटना विश्वविद्यालय तक मेट्रो सेवा शुरू की जाएगी। पांचवें चरण में विश्वविद्यालय से पीएमसीएच और गांधी मैदान तक सेवा बढ़ाई जाएगी। वहीं छठे चरण में आकाशवाणी, पटना जंक्शन और मीठापुर तक परिचालन शुरू करने की तैयारी है।

जानकारी के अनुसार, जिस कंपनी को रैक निर्माण की जिम्मेदारी दी जाएगी, उससे भूमिगत लाइन पर परिचालन शुरू होने से पहले कम से कम दो रैक उपलब्ध कराने की शर्त रखी जाएगी।

प्राथमिक कॉरिडोर पर मार्च से विस्तार

मार्च में प्राथमिक कॉरिडोर के 6.107 किलोमीटर हिस्से में मलाही पकड़ी तक मेट्रो सेवा दूसरे चरण में शुरू होने की संभावना है। पहले चरण में न्यू पाटलिपुत्र बस टर्मिनल स्टेशन से जीरो माइल होते हुए भूतनाथ तक परिचालन चल रहा है। तीसरे चरण में खेमनीचक से जगनपुरा, रामकृष्ण नगर होते हुए मीठापुर तक लगभग 3.217 किलोमीटर एलिवेटेड मार्ग पर सेवा शुरू करने की तैयारी है।

फिलहाल किराए के रैक से होगा संचालन

प्राथमिक कॉरिडोर के लिए अभी तीन कोच का एक रैक किराए पर लिया गया है। मीठापुर तक सेवा शुरू करने से पहले तीन कोच का एक और रैक किराए पर लाया जाएगा। इस वर्ष मीठापुर तक मेट्रो परिचालन शुरू करने का लक्ष्य है।

कोच खरीद के लिए निविदा जारी होने के बाद आपूर्ति में कम से कम दो वर्ष का समय लग सकता है। इसलिए प्रारंभिक चरण में किराए के रैक से सेवा विस्तार की रणनीति अपनाई जा रही है।

यातायात जाम से मिलेगी राहत

पटना मेट्रो परियोजना का उद्देश्य चरणबद्ध तरीके से जल्द परिचालन शुरू कर शहरवासियों को सुविधा देना है। एलिवेटेड और भूमिगत दोनों कॉरिडोर पर निर्माण के साथ-साथ कोच खरीद प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है।

मेट्रो सेवा शुरू होने से न केवल यात्रा अधिक सुविधाजनक और सुरक्षित होगी, बल्कि शहर की बढ़ती यातायात भीड़ को कम करने में भी मदद मिलेगी। आने वाले महीनों में निविदा प्रक्रिया और रैक उपलब्धता के बाद परियोजना में और तेजी आने की उम्मीद है।

  • Related Posts

    एम्बुलेंस से विधानसभा पहुंचे मोकामा विधायक अनंत सिंह, कहा – नीतीश जी को देंगे वोट

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    मशरक–पानापुर बॉर्डर पर पुलिस-शराब माफिया मुठभेड़, जहरीली शराब कांड का मुख्य सप्लायर सूरज महतो गिरफ्तार

    Share Add as a preferred…

    Continue reading