गया। बिहार के गया जंक्शन पर सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। गया-नई दिल्ली महाबोधि एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से दो यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरातफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 12397 अप गया-नई दिल्ली महाबोधि एक्सप्रेस वाशिंग पिट से तैयार होकर गया जंक्शन के प्लेटफार्म संख्या 6 पर पहुंच रही थी। इसी दौरान कुछ यात्रियों के बीच सीट लेने की होड़ मची हुई थी। बताया जा रहा है कि ट्रेन के रुकने से पहले ही कुछ लोग दौड़कर चढ़ने की कोशिश कर रहे थे।
इसी क्रम में दो यात्री ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच बने गैप में गिर गए और ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
स्टेशन पर मचा हड़कंप
घटना की सूचना मिलते ही रेल प्रशासन सक्रिय हो गया। गया रेल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।
रेल पुलिस के अनुसार, हादसे के कारण ट्रेन करीब आधे घंटे की देरी से रवाना हुई।
जहानाबाद और गया के थे मृतक
पुलिस ने दोनों मृतकों की पहचान कर ली है। एक मृतक की पहचान 66 वर्षीय सरयू प्रसाद के रूप में हुई है, जो जहानाबाद जिले के धाना डिहरी गांव के निवासी थे। वहीं दूसरे मृतक की पहचान 27 वर्षीय मोहम्मद खालिद आलम के रूप में हुई है, जो गया जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत भगहर गांव के रहने वाले थे।
घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। शवों का पोस्टमार्टम कर आगे की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
थानाध्यक्ष का बयान
गया रेल थाना के थानाध्यक्ष शिवकुमार यादव ने बताया कि प्लेटफार्म संख्या 6 पर ट्रेन के पहुंचने के दौरान सीट लेने की कोशिश में दो लोग ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि ट्रेन के पूरी तरह रुकने के बाद ही चढ़ने-उतरने की कोशिश करें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।


