जमुई (बिहार)। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर जमुई जिले में एक प्रेमी युगल ने ग्रामीणों और परिजनों की मौजूदगी में वैदिक रीति-रिवाज से विवाह रचा लिया। बरहट थाना क्षेत्र के गुगुलडीह गांव स्थित शिव मंदिर में संपन्न हुई इस शादी के दौरान मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र के पोस्तहैया गांव निवासी 22 वर्षीय राकेश कुमार और सोनो थाना क्षेत्र की 19 वर्षीय रूपा कुमारी एक-दूसरे से प्रेम करते थे और विवाह के लिए सहमत थे। दोनों बालिग हैं और अपनी इच्छा से शादी करने का निर्णय लिया।
बताया जा रहा है कि रविवार को दोनों गुगुलडीह चौक पर मिले थे। एक साथ देखे जाने पर ग्रामीणों ने पूछताछ के लिए उन्हें रोक लिया। कुछ ही देर में वहां भीड़ इकट्ठा हो गई। स्थिति को देखते हुए दोनों पक्षों के परिजनों को सूचना दी गई, जो जल्द ही मौके पर पहुंच गए।
परिजनों और ग्रामीणों की उपस्थिति में रूपा कुमारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि वह अपनी मर्जी से राकेश के साथ विवाह करना चाहती है और अपने निर्णय से संतुष्ट है। उसने बताया कि उसके माता-पिता इस रिश्ते के समर्थन में हैं, हालांकि परिवार के कुछ सदस्यों को इस संबंध पर आपत्ति थी। वहीं राकेश कुमार ने भी रूपा के साथ जीवन बिताने की इच्छा जताते हुए विवाह के लिए सहमति दी।
ग्रामीणों के अनुसार, दोनों का रिश्ता लगभग एक वर्ष पहले तय हुआ था, लेकिन कुछ कारणों से शादी नहीं हो सकी थी। होली के बाद विवाह की योजना थी, किंतु महाशिवरात्रि को शुभ मानते हुए सामाजिक सहमति से उसी दिन मंदिर में विवाह संपन्न करा दिया गया।
स्थानीय पुजारी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सभी वैवाहिक रस्में पूरी कराईं। विवाह के बाद पुजारी एवं परिजनों ने नवदंपति को आशीर्वाद दिया और उनके सुखद दांपत्य जीवन की कामना की।
गौरतलब है कि पिछले 12 दिनों के भीतर जिले में यह चौथा प्रेम विवाह बताया जा रहा है। इस घटना की क्षेत्र में व्यापक चर्चा हो रही है। ग्रामीणों ने इसे सामाजिक सहमति और आपसी समझदारी का उदाहरण बताया है।


