भारत और पाकिस्तान का महामुकाबला: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में हाई-वोल्टेज मुकाबला कोलंबो में

कोलंबो: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के रोमांचक चरण में भारत और पाकिस्तान रविवार, 15 फरवरी को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में आमने-सामने होंगे। दोनों टीमों ने अपने अभियान की शानदार शुरुआत की है और अब तक खेले गए दोनों लीग मैचों में जीत दर्ज की है।

ग्रुप-ए की पॉइंट्स टेबल में भारत और पाकिस्तान के पास समान 4-4 अंक हैं, लेकिन नेट रन रेट के आधार पर भारत पहले और पाकिस्तान दूसरे स्थान पर हैं। सुपर-8 में जगह बनाने के लिहाज से यह मैच दोनों टीमों के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।

कोलंबो में टीम इंडिया का शानदार रिकॉर्ड

टीम इंडिया ने कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में अब तक 15 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं, जिनमें से 11 में जीत हासिल की है और केवल 4 में हार। 2012 टी20 वर्ल्ड कप में भारत-पाकिस्तान का मुकाबला भी यहीं खेला गया था। उस मैच में भारत ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया और पाकिस्तान को 128 रन पर ऑलआउट किया। लक्ष्मिपति बालाजी ने 3 विकेट लिए, जबकि अश्विन और युवराज सिंह ने 2-2 विकेट हासिल किए।

भारत ने 129 रनों का लक्ष्य आसानी से हासिल किया। विराट कोहली ने 61 गेंद में 78 रन की पारी खेली, जबकि वीरेंद्र सहवाग ने 29 और युवराज सिंह ने नाबाद 19 रन बनाए। टीम इंडिया ने सिर्फ 17 ओवर में 2 विकेट खोकर मैच 8 विकेट से अपने नाम किया।

कोलंबो में पाकिस्तान का प्रदर्शन

पाकिस्तान क्रिकेट टीम का भी आर. प्रेमदासा स्टेडियम में टी20 रिकॉर्ड काफी मजबूत है। टीम ने यहां 7 मैच खेले हैं, जिनमें से 5 में जीत और केवल 2 में हार। पाकिस्तान ने 3 बार मेजबान श्रीलंका, और एक-एक बार ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका को मात दी है।

इसका मतलब साफ है कि 15 फरवरी को कोलंबो का मैदान एक बार फिर भारत-पाकिस्तान के बीच जबरदस्त मुकाबले का गवाह बनने वाला है। फैंस के लिए यह मैच निश्चित ही रोमांचक और हाई-वोल्टेज रहेगा।


 

  • Related Posts