आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले को लेकर उत्साह चरम पर है। यह मैच कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैदान पर हाल के मुकाबले लो-स्कोरिंग रहे हैं, जिससे गेंदबाजों की भूमिका बेहद अहम मानी जा रही है।
इस बीच पूर्व भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज और चयनकर्ता किरण मोरे ने टीम इंडिया की ताकत और संतुलन की जमकर सराहना की है। उन्होंने कहा कि पिछले दो साल में टी20 फॉर्मेट में भारत का प्रदर्शन शानदार रहा है और मौजूदा टीम में जबरदस्त टैलेंट और बैलेंस है।
मोरे ने कहा, “हमारी टीम बहुत मजबूत है। जिस तरह का संतुलन और प्रतिभा हमारे पास है, वह किसी दूसरी टीम में नहीं है। टी20 फॉर्मेट में जल्दी विकेट गिरने पर वापसी मुश्किल हो जाती है। अब यह चौके-छक्कों का खेल बन चुका है और खिलाड़ी बेखौफ अंदाज में खेलते हैं।”
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के रुख में बदलाव पर भी उन्होंने प्रतिक्रिया दी। मोरे ने कहा कि आईसीसी और बीसीसीआई की भूमिका अहम रही। उन्होंने कहा, “अगर पाकिस्तान खेलने से मना करता तो उसे दिक्कतों का सामना करना पड़ता। दबाव में आकर उन्होंने खेलने का फैसला किया, जो खेल के हित में है। भारत-पाकिस्तान का मैच पूरी दुनिया देखना चाहती है।”
भारत-पाकिस्तान के बीच मुकाबला हमेशा से रोमांच और दबाव से भरा रहा है। ऐसे में 15 फरवरी को होने वाला यह मैच भी क्रिकेट प्रेमियों के लिए किसी बड़े उत्सव से कम नहीं होगा।


