मधुबनी में ‘काली रात’ का खौफ: रिटायर्ड प्रिंसिपल के घर 25 डकैतों का धावा; एक घंटे तक गन प्वाइंट पर बंधक रहा परिवार, 2 करोड़ की संपत्ति स्वाहा

  • गजहरा गांव में डकैती का ‘तांडव’: आधी रात को आए 25 नकाबपोश; सीसीटीवी तोड़े, 9 कमरों को बाहर से किया लॉक
  • ‘पड़ोसियों’ का नाम लेकर लूट: डकैतों ने गृहस्वामी से कहा- ‘सुधीर और सूर्यनाथ ने बताया है माल कहां है’; पुलिस एक को ले गई साथ
  • लूट की बड़ी लिस्ट: 55 भरी सोना, 3.5 किलो चांदी और हीरे के जेवर समेत 5 लाख कैश लेकर चंपत हुए अपराधी; कॉलेज के कागज भी ले गए

क्राइम डेस्क, द वॉयस ऑफ बिहार (मधुबनी)

​मधुबनी जिले के लदनियां थाना क्षेत्र का गजहरा गांव गुरुवार की रात एक ऐसे खौफनाक मंजर का गवाह बना, जिसे याद कर आज भी लोगों की रूह कांप रही है। रात के सन्नाटे को चीरते हुए करीब 25 की संख्या में आए हथियारबंद और नकाबपोश डकैतों ने संस्कृत कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डॉ. दयाकांत झा के घर को एक किले में तब्दील कर दिया और इत्मीनान से 2 करोड़ रुपये की डकैती को अंजाम दिया।

रात 12:45 बजे: खौफ की दस्तक

​घड़ी की सुइयां रात के 12:45 बजा रही थीं। डॉ. दयाकांत झा का पूरा परिवार गहरी नींद में था। तभी हथियारों से लैस 25 अपराधी घर की चारदीवारी फांदकर अंदर दाखिल हुए।

  • पहला काम: सबसे पहले अपराधियों ने घर की तीसरी आंख यानी सीसीटीवी कैमरों को तोड़ डाला।
  • बंधक बनाया: घर में कुल 13 कमरे थे। डकैतों ने आंगन में बने 9 कमरों की कुंडी बाहर से लगा दी ताकि कोई मदद के लिए न आ सके। फिर जिस कमरे में डॉ. झा और महिलाएं थीं, वहां धावा बोला।

कनपटी पर बंदूक और मौत का डर

​अपराधियों ने सो रहे परिवार के सदस्यों को जगाया और उनकी कनपटी पर बंदूक सटा दी। दहशत इतनी थी कि किसी ने चूं तक नहीं की।

  • लूट का हिसाब: इसके बाद शुरू हुआ लूट का खेल। गोदरेज, अलमारी, ट्रंक और बेड को तोड़कर डकैतों ने 55 भरी सोना, साढ़े तीन किलो चांदी, डेढ़ भरी हीरा और 5 लाख रुपये नकद अपने बैग में भर लिए। लूटी गई संपत्ति की कीमत करीब 2 करोड़ आंकी जा रही है।

“सुधीर और सूर्यनाथ ने भेजा है…”

​इस डकैती में सबसे चौंकाने वाला मोड़ तब आया जब डकैतों ने घरवालों से कहा- “हमे तुम्हारे पड़ोसी सूर्यनाथ झा और सुधीर झा ने बताया है कि घर में पेंशन का 25 लाख रुपये रखा है, वो निकालो।”

अपराधियों ने कॉलेज के महत्वपूर्ण कागजात भी नहीं छोड़े। इस बयान के आधार पर पुलिस ने पड़ोसी सूर्यनाथ झा को हिरासत में लिया है।

जाते-जाते दे गए धमकी

​करीब एक घंटे (1:45 बजे तक) तक तांडव मचाने के बाद अपराधी जाने लगे। उन्होंने घर के सभी सदस्यों के मोबाइल छीनकर तोड़ दिए ताकि कोई पुलिस को फोन न कर सके। जाते-जाते धमकी दी- “अगर पुलिस को बताया तो कल फिर आएंगे और जान से मार देंगे”

इस घटना ने पूरे इलाके की नींद उड़ा दी है। पुलिस के लिए यह केस सुलझाना एक बड़ी चुनौती है।

  • Related Posts

    भागलपुर के भिट्टी में महाशिवरात्रि पर सजेगा ‘महादंगल’: नेपाल के थापा और बनारस के सलमान में होगी ‘जोर-आजमाइश’; 15 से 17 तक उत्सव

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    भागलपुर में 25 साल बाद मिला इंसाफ: पत्नी को आत्महत्या के लिए उकसाने वाले पति को 5 साल की कैद; शव अस्पताल में छोड़कर हुआ था फरार

    Share Add as a preferred…

    Continue reading