आरा में टैक्स चोरी पर बड़ी स्ट्राइक: पटना से आई टीम ने 3 नामी कपड़ा व्यवसायियों के ठिकानों पर की छापेमारी; करोड़ों की गड़बड़ी का शक

  • वाणिज्य कर विभाग की विशेष टीम ने शहर के पूजा टेक्सटाइल, अंशु टेक्सटाइल और अग्रवाल टेक्सटाइल पर कसा शिकंजा
  • गोदामों तक पहुंची जांच की आंच; भारी मात्रा में बिना GST बिल का कपड़ा बरामद, कई दस्तावेज जब्त
  • अधिकारी बोले- गुप्त सूचना मिली थी कि सरकार को लग रहा है चूना, आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई

द वॉयस ऑफ बिहार (आरा/भोजपुर)

​भोजपुर जिले के मुख्यालय आरा में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वाणिज्य कर विभाग (Commercial Taxes Department) की टीम ने शहर के बड़े व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर धावा बोल दिया। पटना से आई विशेष टीम ने करोड़ों रुपये की टैक्स चोरी के आरोप में शहर के तीन नामी कपड़ा व्यवसायियों के यहां एक साथ छापेमारी की है। इस कार्रवाई से पूरे बाजार में अफरा-तफरी का माहौल है।

इन 3 बड़े कपड़ा कारोबारियों पर गिरी गाज

​आयुक्त-सह-सचिव वाणिज्य कर विभाग, पटना के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने आरा शहर के प्रसिद्ध कपड़ा प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया। टीम ने एक साथ इन तीन जगहों पर दबिश दी:

  1. पूजा टेक्सटाइल (Pooja Textile)
  2. अंशु टेक्सटाइल (Anshu Textile)
  3. अग्रवाल टेक्सटाइल (Agarwal Textile)

​टीम ने न केवल इन कारोबारियों की दुकानों पर छापेमारी की, बल्कि उनके गोदामों की भी सघन तलाशी ली।

बिना GST बिल के मिले कपड़े, करोड़ों की चोरी का आरोप

​विभागीय सूत्रों के मुताबिक, इन व्यवसायियों पर करोड़ों रुपये की टैक्स चोरी (Tax Evasion) का आरोप है।

  • दस्तावेज जब्त: छापेमारी के दौरान टीम ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और फाइलें जब्त की हैं, जिनकी गहन जांच की जा रही है।
  • फर्जीवाड़ा: बताया जा रहा है कि जांच के दौरान भारी मात्रा में ऐसे कपड़े बरामद किए गए हैं, जिनका कोई जीएसटी (GST) बिल या वैध कागजात कारोबारी प्रस्तुत नहीं कर सके।

अधिकारी बोले- और भी नपेंगे

​छापेमारी दल में शामिल अधिकारी निखिल कुमार ने बताया कि विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि आरा के कुछ बड़े कारोबारी सरकार को टैक्स में भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं। इसी इनपुट के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।

  • ​उन्होंने साफ संकेत दिया कि यह कार्रवाई अभी रुकने वाली नहीं है। आने वाले दिनों में जिले के अन्य संदिग्ध कारोबारियों के खिलाफ भी सख्त कदम उठाए जा सकते हैं।
  • ​फिलहाल विभाग की जांच जारी है और यह प्रक्रिया अगले कई दिनों तक चलने की संभावना है।
  • Related Posts