टी-20 वर्ल्ड कप 2026: पाकिस्तान भारत से खेलने को तैयार, 15 फरवरी को कोलंबो में होगा महामुकाबला

नई दिल्ली/लाहौर: लंबे राजनीतिक और कूटनीतिक ड्रामे के बाद आखिरकार पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ खेलने को राजी हो गया है। तय कार्यक्रम के अनुसार यह बहुप्रतीक्षित मुकाबला 15 फरवरी को कोलंबो में खेला जाएगा। रविवार को लाहौर में आईसीसी, पीसीबी और बीसीबी के बीच हुई त्रिपक्षीय बैठक के बाद इस मैच को लेकर सहमति बनी है।

क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक भारत-पाकिस्तान मैच का होना अब लगभग तय हो चुका है और जल्द ही इसकी आधिकारिक घोषणा की जाएगी। पाकिस्तानी मीडिया ने भी पुष्टि कर दी है कि मुकाबला पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही खेला जाएगा, जिससे करोड़ों क्रिकेट प्रशंसकों में खुशी की लहर है।


आईसीसी के हस्तक्षेप के बाद बदला रुख

पाकिस्तान सरकार ने 1 फरवरी को अपनी टीम को भारत के खिलाफ खेलने से रोक दिया था, जिसके बाद यह विवाद गहराता चला गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए आईसीसी ने 8 फरवरी को अपना प्रतिनिधिमंडल लाहौर भेजा। बैठक में पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी, आईसीसी उपाध्यक्ष इमरान ख्वाजा और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम शामिल हुए।

सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान ने आईसीसी के सामने कुछ शर्तें रखीं, लेकिन आईसीसी ने कई मांगों को मानने से इनकार कर दिया। इसके बाद बीसीबी अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम ने भी पीसीबी से अपील की कि क्रिकेट और टूर्नामेंट के हित में भारत के खिलाफ मैच खेला जाए।


फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी

भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला हमेशा क्रिकेट जगत का सबसे बड़ा आकर्षण रहा है। इस मैच से आईसीसी, ब्रॉडकास्टर्स और स्पॉन्सर्स को भी बड़ा फायदा होता है। विवाद सुलझने के बाद अब दोनों टीमें मैदान पर आमने-सामने होंगी और क्रिकेट प्रेमियों को एक और रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा।


 

  • Related Posts