नई दिल्ली/कोलंबो: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) आईसीसी के साथ हुई बैठक के बाद टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ मुकाबला खेलने के लिए तैयार हो गया है। यह हाई-वोल्टेज मैच 15 फरवरी को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा। आईसीसी द्वारा आधिकारिक घोषणा होते ही क्रिकेट प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
मुकाबले की पुष्टि के कुछ ही घंटों के भीतर कोलंबो जाने वाली फ्लाइट टिकटों के दाम अचानक दोगुने हो गए हैं। सोशल मीडिया पर फैंस लगातार टिकटों की बढ़ी कीमतों को लेकर चर्चा कर रहे हैं।

एयरलाइंस को बड़ा फायदा, चेन्नई से सफर अपेक्षाकृत सस्ता
भारत-पाकिस्तान मैच की घोषणा के बाद एयरलाइंस कंपनियों को भारी मुनाफा मिलने की उम्मीद है। दिल्ली और मुंबई से कोलंबो जाने वाली उड़ानों के किराये में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी हुई है। वहीं, चेन्नई से कोलंबो की फ्लाइट अभी भी तुलनात्मक रूप से सस्ती बताई जा रही है।
सिर्फ फ्लाइट ही नहीं, कोलंबो के होटलों के किराये भी तेजी से बढ़ने लगे हैं। मैच टिकटों की मांग इतनी अधिक है कि इन्हें हासिल करना लगभग मुश्किल हो गया है।
भारत के खिलाफ पाकिस्तान का रिकॉर्ड कमजोर
टी-20 फॉर्मेट में पाकिस्तान का भारत के खिलाफ हालिया रिकॉर्ड अच्छा नहीं रहा है। आखिरी बार पाकिस्तान ने भारत को 2022 एशिया कप में हराया था। उसके बाद से टीम इंडिया लगातार बढ़त बनाए हुए है, जिससे इस बार भी भारतीय टीम को प्रबल दावेदार माना जा रहा है।
दोनों टीमों का स्क्वॉड
टीम इंडिया:
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन, शिवम दुबे, ईशान किशन, हार्दिक पांड्या, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, रिंकू सिंह।
पाकिस्तान टीम:
सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, बाबर आजम, फहीम अशरफ, फखर जमान, ख्वाजा नफे, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद सलमान मिर्जा, नसीम शाह, साहिबजादा फरहान, सैम अयूब, शाहीन शाह अफरीदी, शादाब खान, उस्मान खान, उस्मान तारिक।
फैंस में जबरदस्त क्रेज
भारत-पाकिस्तान मुकाबला हमेशा से विश्व क्रिकेट का सबसे बड़ा आकर्षण रहा है। इस बार भी मैच को लेकर जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह मुकाबला न सिर्फ खेल के लिहाज से बल्कि आर्थिक दृष्टि से भी श्रीलंका के लिए बेहद फायदेमंद साबित होगा।


