शादी समारोह में चली गोली, डांस के दौरान युवक की हत्या, करीबी दोस्त पर आरोप

बिहार में पुलिस मुख्यालय के सख्त निर्देशों के बावजूद शादी समारोहों में हथियार लहराने और फायरिंग की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला रोहतास जिले का है, जहां एक शादी समारोह के दौरान नाच कार्यक्रम में गोली मारकर एक युवक की हत्या कर दी गई। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

डांस प्रोग्राम बना मातम में तब्दील

घटना सूर्यपुरा थाना क्षेत्र के ढोड़नडीह गांव की है। शनिवार अहले सुबह शादी समारोह में चल रहे नाच के दौरान अचानक फायरिंग हो गई। गोली वीर बहादुर सिंह (25 वर्ष) के मुंह और गर्दन में लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गोली की आवाज सुनते ही समारोह में अफरातफरी मच गई और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। कुछ ही मिनटों में खुशियों का माहौल मातम में बदल गया।

करीबी दोस्त पर हत्या का आरोप

पुलिस के अनुसार, आरोपी मृतक का ही करीबी मित्र बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक भोजपुर जिले के बिहिया के यादवपुर से बारात आई थी और शामियाने में नर्तकी का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान स्टेज पर चढ़ने और नाचने को लेकर विवाद हुआ, जो हिंसक रूप ले लिया।

डीएसपी सिंधु शेखर सिंह ने बताया—

“मामला पूरी तरह हत्या का प्रतीत होता है, क्योंकि मृतक पर एक से अधिक गोलियां चलाई गई हैं। संभव है कि नर्तकी के साथ नाचने को लेकर विवाद हुआ हो। फॉरेंसिक टीम जांच कर रही है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। आरोपियों की पहचान कर ली गई है और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।”

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही बिक्रमगंज डीएसपी सिंधु शेखर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। ग्रामीण कमल प्रसाद ने बताया—

“स्टेज पर चढ़ने को लेकर विवाद हुआ था। कुछ लोगों ने वीर बहादुर को खींचकर तीन गोलियां मार दीं, जिससे उसकी वहीं मौत हो गई। बाद में पुलिस को सूचना दी गई।”

पुलिस का कहना है कि मृतक राजेश्वर सिंह का पुत्र था और आरोपी भी उसी गांव का निवासी है। सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


 

  • Related Posts

    मुजफ्फरपुर में युवक का खून से लथपथ शव बरामद, कनपटी में गोली का निशान, पिस्टल और बाइक मिली

    Share Add as a preferred…

    Continue reading