पटना | बिहार सरकार द्वारा संचालित 91 डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालयों में अपने बच्चों को पढ़ाने के लिए अभिभावकों में होड़ मच गई है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुक्रवार (6 फरवरी) को समाप्त हुई। विभाग के पास कुल 2,895 सीटों के लिए 1,03,195 फाइनल आवेदन आए हैं।
आंकड़ों में देखिए ‘कंपटीशन’
नामांकन के लिए 5 जनवरी से 6 फरवरी तक ऑनलाइन और ऑफलाइन आवेदन मांगे गए थे।
- कुल रजिस्ट्रेशन: 1,42,357
- फाइनल आवेदन: 1,03,195
- कक्षा 1 का हाल: यहां 2,627 सीटें हैं, जिनके लिए 59,453 आवेदन आए हैं।
- कक्षा 6 का हाल: यहां मुकाबला सबसे कड़ा है। मात्र 268 सीटों के लिए 43,742 बच्चों ने फॉर्म भरा है। यानी कक्षा 6 की एक सीट पर 160 से ज्यादा दावेदार हैं।
एडमिट कार्ड से रिजल्ट तक, नोट कर लें ये तारीखें
अगर आपने भी आवेदन किया है, तो ये शेड्यूल आपके काम का है:
- एडमिट कार्ड: 15 फरवरी से 20 फरवरी 2026 के बीच जारी होंगे।
- कक्षा 1 में चयन: छोटे बच्चों का कोई टेस्ट नहीं होगा। उनका चयन ऑनलाइन लॉटरी सिस्टम से किया जाएगा।
- कक्षा 6 में चयन: इनके लिए 22 फरवरी 2026 को राज्यस्तरीय लिखित परीक्षा होगी।
- रिजल्ट: 10 मार्च 2026 को नतीजे आएंगे।
- नामांकन: 11 मार्च 2026 से एडमिशन शुरू हो जाएगा।
क्यों है इतनी दीवानगी? (सुविधाएं)
इन स्कूलों में सरकार वह सब कुछ फ्री देती है, जिसके लिए प्राइवेट स्कूलों में मोटी फीस लगती है:
- रहना-खाना: पूरी तरह फ्री और पौष्टिक (RO पानी के साथ)।
- पढ़ाई: स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर लैब, साइंस लैब और लाइब्रेरी।
- जेब खर्च: दैनिक जरूरतों (साबुन, तेल आदि) के लिए पैसा सीधे छात्र के बैंक खाते (DBT) में आता है।
विभाग का कहना है कि रिकॉर्ड तोड़ आवेदन यह बताते हैं कि समाज के वंचित वर्गों को इन स्कूलों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर पूरा भरोसा है।


