बिहार किस पैमाने पर अव्वल? तेजस्वी के सवाल पर सदन में गरमागरम बहस, नीतीश बोले– ‘तुम अभी बच्चा हो’

पटना: बिहार विधानसभा के बजट सत्र के तीसरे दिन लगातार दूसरे दिन राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा हुई। सरकार की ओर से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जवाब दिया, जिसके बाद धन्यवाद प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित हो गया। हालांकि इससे पहले नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य की कानून-व्यवस्था और विकास के दावों को लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने सत्ता पक्ष से सीधा सवाल किया— बिहार विकास के किस पैमाने पर देश में अव्वल है?

तेजस्वी का सरकार पर तीखा हमला

सदन में चर्चा के दौरान तेजस्वी यादव ने बिहार के कई जिलों में हुई दुष्कर्म और हत्या की घटनाओं का जिक्र करते हुए कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा,
“डबल इंजन की सरकार है, 200 से अधिक विधायक हैं और 20 साल से एक ही नेतृत्व में शासन चल रहा है, फिर भी बिहार हर सूचकांक में सबसे निचले पायदान पर क्यों है? सरकार बताए कि किस क्षेत्र में बिहार देश में नंबर वन है?”

‘बैठो, अभी बच्चा हो’— नीतीश का पलटवार

सरकार की ओर से पहले उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने राजद शासनकाल की याद दिलाई। इसके बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जवाब देते हुए कहा कि 2005 के बाद बिहार हर क्षेत्र में बदला है और तेजी से विकास हुआ है।
तेजस्वी के बीच में टोकने पर मुख्यमंत्री ने तल्ख लहजे में कहा—
“तुम अभी बच्चा हो, तुम्हारा बाप मेरे साथ काम किया है. तुम्हें भी मानते हैं, बैठो.”

नीतीश कुमार ने केंद्र सरकार से मिले सहयोग का भी उल्लेख किया और प्रधानमंत्री का आभार जताया। उन्होंने तेजस्वी पर आरोप लगाते हुए कहा कि “हमने ही उन्हें मौका दिया था, लेकिन जब पैसा कमाने लगे तो हटाना पड़ा.”

सत्ता पक्ष का तंज— पहले अपने पैरों पर खड़े हों तेजस्वी

सदन से बाहर मंत्रियों ने तेजस्वी पर निशाना साधा। मंत्री मदन सहनी ने कहा,
“पहली बार देखा कि नेता प्रतिपक्ष बैठकर बोल रहे थे। उन्हें पहले अपने पैरों पर खड़ा होना चाहिए।”

बीजेपी विधायक रजनीश कुमार ने अपराध के मुद्दे पर कहा—
“अब अपराध होते ही कार्रवाई होती है, पहले अपराधियों को सरकारी संरक्षण मिलता था। आरजेडी को इस मुद्दे पर बोलने का नैतिक अधिकार नहीं है।”

विपक्ष का पलटवार

आरजेडी विधायक आलोक मेहता ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष ने सही सवाल उठाया है— सरकार बताए कि बिहार किस इंडेक्स में अव्वल है।
वहीं AIMIM विधायक अख्तर ईमान ने कहा,
“सरकार के पास न भविष्य की योजना है, न रोडमैप। बस पुरानी गाथाएं दोहराई जा रही हैं।”

नीट छात्रा मामले पर नहीं मिला जवाब

तेजस्वी यादव ने नीट छात्रा की मौत का मुद्दा भी उठाया, लेकिन सरकार की ओर से इस पर कोई ठोस जवाब नहीं दिया गया। अब 2026-27 के बजट पर दो दिन चर्चा होगी, जिसके बाद सरकार अपना उत्तर देगी। देखना होगा कि विपक्ष आगे किस रणनीति से सरकार को घेरता है।


 

  • ये भी पढ़े..

    हाजीपुर में हाईटेक लूट से सनसनी, केमिकल का इस्तेमाल कर कार रुकवाई, करोड़ों के गहने और लाखों की नकदी लेकर फरार हुए बदमाश

    Share Add as a preferred…

    बिहार में मानसून की दस्तक के बाद भी गर्मी से राहत नहीं, कई जिलों में आंधी-बारिश और वज्रपात का अलर्ट

    Share Add as a preferred…