छपरा | सारण पुलिस ने इंजीनियर विकास तिवारी हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में शामिल 5 अपराधियों को हथियारों के साथ दबोच लिया है। ये अपराधी किसी और बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे, तभी SIT ने इन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया।
27 जनवरी को हुई थी खौफनाक वारदात
बीते 27 जनवरी 2026 को शहर के नगर थाना क्षेत्र स्थित छपरा कचहरी रेलवे कॉलोनी के पास अपराधियों ने इंजीनियर विकास तिवारी की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
- विकास तिवारी पटना से ट्रेन से छपरा कचहरी उतरे थे।
- वे पैदल अपने घर जा रहे थे, तभी रेलवे लाइन के किनारे घात लगाए अपराधियों ने उन्हें घेर लिया।
- लूटपाट का विरोध करने पर अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी थी।
इस मामले में नगर थाना में कांड संख्या 79/2026 दर्ज किया गया था। एसपी ने सदर एसडीपीओ रामपुकार सिंह के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया था।
अपराध की योजना बनाते धराए, फिर उगले राज
5 फरवरी 2026 को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कुछ अपराधी फिर से किसी वारदात की योजना बना रहे हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 2 अपराधियों को हथियार के साथ रंगे हाथों पकड़ा।
- कड़ाई से पूछताछ में दोनों ने विकास तिवारी हत्याकांड में अपना जुर्म कबूल कर लिया।
- उनकी निशानदेही पर पुलिस ने छापेमारी कर गिरोह के 3 अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया।
- तकनीकी सर्विलांस के आधार पर इस केस में एक आरोपी को पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है।
पिस्टल, कट्टा और कारतूस बरामद
गिरफ्तार अपराधियों के पास से पुलिस ने हथियारों का जखीरा बरामद किया है:
- 1 देसी पिस्टल
- 1 देसी कट्टा
- 2 जिंदा कारतूस
हथियार मिलने के बाद नगर थाना में आर्म्स एक्ट के तहत एक और मामला (कांड संख्या 109/2026) दर्ज किया गया है।
ये 5 चढ़े पुलिस के हत्थे
गिरफ्तार किए गए अपराधियों की पहचान इस प्रकार हुई है:
- बिलाल आलम उर्फ छोटू
- फिरोज आलम
- नितेश कुमार
- रिशु कुमार
- रितिक कुमार
पुलिस फिलहाल इन सभी से पूछताछ कर रही है और इनके पुराने आपराधिक इतिहास को खंगालने में जुटी है।


