नशे के कारोबार में महिलाओं का इस्तेमाल, पुलिस की कार्रवाई में कई गिरफ्तार; भागलपुर में नया ट्रेंड उजागर

भागलपुर। नशीले पदार्थों की तस्करी में अब महिलाओं को आगे कर पुलिस से बचने की नई रणनीति अपनाई जा रही है। जिले में पिछले एक साल के दौरान गांजा, ब्राउन शुगर और अवैध शराब के साथ बड़ी संख्या में महिलाओं की गिरफ्तारी ने जांच एजेंसियों को भी सतर्क कर दिया है। पुलिस का मानना है कि संगठित गिरोह खुद पीछे रहकर महिलाओं के जरिए सप्लाई चेन चला रहे हैं।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक शहरी क्षेत्र और आसपास के इलाकों में महिलाओं को नशे के साथ पकड़े जाने के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हुई है। खास तौर पर हबीबपुर थाना क्षेत्र से शराब के साथ सबसे अधिक महिलाओं की गिरफ्तारी दर्ज की गई है। इसके अलावा जोगसर, बबरगंज और बुद्धुचक थाना क्षेत्रों में भी कई केस सामने आए हैं।

हाल के मामलों में बबरगंज थाना क्षेत्र के अलीगंज ठाकुरबाड़ी रोड की रहने वाली ललिता देवी को करीब 100 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया। वहीं 20 जनवरी को जोगसर थाना क्षेत्र के दीपनगर की निवासी रूबी देवी को आधा किलो गांजा के साथ पकड़ा गया था। दोनों मामलों में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

जांच अधिकारियों का कहना है कि तस्कर महिलाओं को इसलिए आगे करते हैं क्योंकि शुरुआती स्तर पर उन पर शक कम होता है। कई मामलों में महिलाएं आर्थिक मजबूरी या दबाव में इस धंधे से जुड़ रही हैं, जबकि कुछ केस में गिरोह से सीधे संपर्क भी सामने आए हैं।

पुलिस अब ऐसे मामलों में सिर्फ पकड़ तक सीमित नहीं रहकर नेटवर्क की तह तक जाने की तैयारी में है। गिरफ्तार महिलाओं से पूछताछ कर सप्लायर और मुख्य सरगनाओं की पहचान की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा।

  • Related Posts