रोहतास सूटकेस हत्याकांड का खुलासा: पत्नी की गला दबाकर हत्या, शव ट्रॉली बैग में भरकर फेंका; पति गिरफ्तार

रोहतास। डेहरी नगर थाना क्षेत्र में रेलवे स्टेशन सब्जी मंडी के पीछे ट्रॉली बैग में महिला का शव मिलने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया है कि महिला की हत्या उसके ही पति ने गला दबाकर की थी। हत्या के बाद शव को घर में छिपाकर रखा गया और बाद में लाल रंग के ट्रॉली बैग में भरकर स्टेशन के पास फेंक दिया गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी पति को कैमूर जिले से गिरफ्तार कर लिया है।

बदबू आने पर खुला राज, बैग से मिला था शव

घटना 1 फरवरी 2026 की है। रेलवे स्टेशन के पास सब्जी मंडी के पीछे एक ट्रॉली बैग से तेज दुर्गंध आने की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बैग खोलकर देखा तो अंदर एक महिला का शव मिला। शव की हालत देखकर साफ था कि हत्या कर शव को छिपाने की कोशिश की गई है। मामला सामने आते ही इलाके में हड़कंप मच गया था।

SIT गठित, तकनीकी जांच से मिली पहचान

मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। टीम में डेहरी नगर थाना, डीआईयू और एफएसएल के विशेषज्ञों को शामिल किया गया। तकनीकी और वैज्ञानिक जांच के आधार पर मृतका की पहचान मैरुन खातून उर्फ मैरुन निशा के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने मोबाइल डेटा, लोकेशन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।

शक के आधार पर पति ने की हत्या

डेहरी एसडीपीओ-1 अतुलेश झा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी क्यायमुद्दीन शेख मंसूरी उर्फ अहमद ने पूछताछ में अपराध स्वीकार कर लिया है। उसने पुलिस को बताया कि उसे अपनी पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होता था।
आरोपी के मुताबिक 30 जनवरी की रात उसने घर में ही गला दबाकर पत्नी की हत्या कर दी।

दो दिन घर में छिपाया शव, फिर बैग में भरकर फेंका

हत्या के बाद आरोपी ने शव को तुरंत ठिकाने नहीं लगाया। उसने दो दिन तक शव को घर में ही छिपाकर रखा। 1 फरवरी को शव को ट्रॉली बैग में भरा और डेहरी रेलवे स्टेशन के पास सब्जी मंडी के पीछे फेंक दिया, ताकि पहचान न हो सके।

तीन आरोपी गिरफ्तार, एफएसएल जांच जारी

पुलिस के अनुसार इस कांड में अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। घटनास्थल से जुटाए गए भौतिक साक्ष्य एफएसएल जांच के लिए पटना भेजे गए हैं। सभी आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच हो रही है।
मामले के सफल खुलासे पर शामिल पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा भी की गई है।

पुलिस का कहना है कि चार्जशीट जल्द दाखिल की जाएगी और केस को स्पीडी ट्रायल में ले जाने की तैयारी है।

  • Related Posts

    टीएमबीयू में ‘प्रमोशन’ की खबर पर मचा बवाल! विश्वविद्यालय प्रशासन ने दावों को बताया सफेद झूठ; कुलसचिव ने मीडिया रिपोर्ट्स का किया कड़ा खंडन

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    भोजपुर में नीतीश कुमार का ‘विकास-धमाका’! 466 करोड़ की 721 योजनाओं की सौगात; आरा बनेगा ‘मेडिकल हब’, 1 करोड़ नौकरियों का मिशन शुरू

    Share Add as a preferred…

    Continue reading