परिमार्जन के नाम पर 35 हजार की डील, निगरानी ब्यूरो ने जाल बिछाकर दबोचा
नवादा।बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना की टीम ने नवादा जिले में बड़ी कार्रवाई की है। रोह अंचल कार्यालय में तैनात राजस्व कर्मचारी गुलशन कुमार को 35 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई मंगलवार को सीतापुर बंसी चक मोड़ के पास की गई।
परिमार्जन और जमाबंदी के बदले मांगी थी घूस
निगरानी डीएसपी विकास कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि गुलशन कुमार ने एक व्यक्ति से जमीन के परिमार्जन और जमाबंदी से जुड़े कागजी काम के बदले 35 हजार रुपये की मांग की थी।
इस मामले में मंटू कुमार ने निगरानी विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी। मंटू का आरोप था कि उनका आवेदन जानबूझकर दो बार रद्द कर दिया गया और फिर रिश्वत की मांग की गई।
ऑफलाइन आवेदन के बदले तय हुई डील
मंटू कुमार ने बताया कि जब वह राजस्व कर्मचारी से मिले तो उनसे कहा गया कि ऑनलाइन आवेदन बेकार है, ऑफलाइन आवेदन करिए, तभी काम होगा। इसके बाद उनसे साफ तौर पर 35 हजार रुपये की मांग कर दी गई।
सत्यापन के बाद बिछाया गया जाल
निगरानी ब्यूरो के महानिदेशक जितेंद्र सिंह गंगवार के निर्देश पर मामले का सत्यापन कराया गया। सत्यापन अधिकारी मनोज कुमार ने जांच में शिकायत को सही पाया। इसके बाद जाल बिछाया गया।
मंगलवार को जैसे ही गुलशन कुमार ने रिश्वत की रकम ली, निगरानी टीम ने उसे रंगे हाथ दबोच लिया।
राजस्व महकमे में हड़कंप
इस गिरफ्तारी के बाद रोह अंचल कार्यालय समेत पूरे राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया है। आरोपी से पूछताछ जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई साफ संकेत देती है कि घूसखोरी पर अब शिकंजा और कड़ा होने वाला है।


