₹25 लाख के नेपाली जाली नोट, ₹18,500 भारतीय नकली नोट बरामद
रक्सौल (पूर्वी चंपारण)।भारत-नेपाल सीमा पर सक्रिय जाली नोट तस्करों के अंतरराष्ट्रीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए रक्सौल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 10 शातिर तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से 25 लाख रुपये के नेपाली जाली नोट और 18,500 रुपये के भारतीय नकली नोट बरामद किए हैं।
इस गिरोह के तार नेपाल के साथ-साथ बिहार के सीतामढ़ी और मधुबनी जिलों से जुड़े पाए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, ये गिरोह सीमा पार नेटवर्क के जरिए जाली नोटों को बाजार में खपाने की तैयारी में था।
डीएसपी मनीष आनंद के नेतृत्व में ऑपरेशन
यह कार्रवाई डीएसपी मनीष आनंद के नेतृत्व में गुप्त सूचना के आधार पर की गई। सूचना मिली थी कि कुछ लोग सीमा क्षेत्र में बड़ी मात्रा में नकली नेपाली करेंसी को खपाने की फिराक में हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने इलाके में जाल बिछाकर सभी को दबोच लिया।
नोट छापने का केमिकल और कागज भी जब्त
छापेमारी के दौरान पुलिस ने:
- नोट छापने में इस्तेमाल होने वाला केमिकल,
- 22 बंडल सादा कागज,
- नकली नेपाली और भारतीय करेंसी नोट बरामद किए हैं।
पुलिस को आशंका है कि गिरोह खुद ही नकली नोट छापकर नेपाल और भारत के सीमावर्ती बाजारों में सप्लाई करता था।
सीमा पर अलर्ट, नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
पुलिस अब गिरोह के पूरे नेटवर्क, सप्लाई चैन और अन्य साथियों की तलाश में जुटी है। साथ ही नेपाल पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों से भी समन्वय कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
क्या बोले अधिकारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और सीमावर्ती इलाकों में जाली नोटों के जरिए आर्थिक अपराध को अंजाम दे रहा था। सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और जल्द ही और बड़े खुलासे हो सकते हैं।


