जमीन विवाद में बवाल: 40 बदमाशों ने जेसीबी से ढहाई 370 फीट दीवार.. 18 राउंड फायरिंग, विरोध करने पर गार्ड को दौड़ा-दौड़ाकर मारी गोली

मायागंज में भर्ती, हालत गंभीर

घोघा (भागलपुर)।घोघा थाना क्षेत्र के आदर्श नगर फुलकिया गांव में शनिवार की देर रात जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। करीब 40 की संख्या में पहुंचे बदमाशों ने नवनिर्मित निजी भूखंड की दीवार को जेसीबी मशीन से तोड़ दिया और दहशत फैलाने के लिए 17 से 18 राउंड फायरिंग की।

इस दौरान जमीन की रखवाली कर रहे निजी गार्ड को दौड़ा-दौड़ाकर गोली मार दी गई। घायल गार्ड का इलाज भागलपुर के मायागंज अस्पताल में चल रहा है।


जेसीबी से ध्वस्त की पूरी बाउंड्री वॉल

पीड़ित भू-स्वामी बालकिशोर जायसवाल, निवासी आदर्श नगर फुलकिया, ने बताया कि उन्होंने अपनी निजी जमीन की घेराबंदी कर पक्की दीवार का निर्माण कराया था। इसी जमीन को लेकर कुछ लोग कब्जा जमाने की कोशिश कर रहे थे।

शनिवार की रात करीब 12:30 से 1 बजे के बीच बदमाश जेसीबी लेकर मौके पर पहुंचे और करीब 370 फीट लंबी पूरी दीवार को चंद मिनटों में गिरा दिया।


विरोध किया तो शुरू की फायरिंग

घटना के दौरान जमीन की रखवाली कर रहे निजी गार्ड सहेन्द्र मंडल (पिता– महावीर मंडल) ने जब इसका विरोध किया, तो बदमाशों ने पहले उसके साथ बेरहमी से मारपीट की।

गार्ड जान बचाकर भागने लगा, लेकिन बदमाशों ने उसे करीब 50 मीटर तक खदेड़ा और फिर गोली मार दी, जो उसकी दाहिनी जांघ में लगी।


इलाके में मची अफरा-तफरी

अचानक हुई फायरिंग से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। गोलियों की आवाज सुनकर ग्रामीण घरों में दुबक गए। सूचना मिलते ही घोघा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल गार्ड को तुरंत मायागंज अस्पताल भेजा।


जेसीबी जब्त, दो हिरासत में

पुलिस ने मौके से जेसीबी मशीन जब्त कर ली है। वहीं, दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

एसडीपीओ कल्याण आनंद ने कहा—

“फायरिंग की घटना में एक व्यक्ति घायल हुआ है, जिसका इलाज मायागंज अस्पताल में चल रहा है। अभी तक कोई लिखित आवेदन नहीं मिला है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”


जमीन विवाद में फिर दिखी दबंगई

इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि जमीन विवाद में दबंगों का मनोबल इतना ऊंचा क्यों है कि वे खुलेआम गोलियां चलाकर कानून को चुनौती दे रहे हैं। फिलहाल गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस तैनात कर दी गई है।

  • ये भी पढ़े..

    “आलोचनाओं के बीच एक्शन में निशांत कुमार, दिल्ली से लौट सीधे पहुंचे घायलों के पास”

    Share Add as a preferred…

    बेगूसराय के गंगोत्री गंगे मॉल में लगी आग, समय रहते टला बड़ा हादसा

    Share Add as a preferred…