शादी का झांसा देकर घुमाया, फिर स्टेशन पर मोबाइल–पैसे लेकर प्रेमी फरार

सुल्तानगंज में सोशल मीडिया से शुरू हुई मोहब्बत का दर्दनाक अंत

सुल्तानगंज। सोशल मीडिया पर शुरू हुआ प्यार एक बच्चे की मां के लिए जिंदगी का सबसे बड़ा धोखा बन गया। शादी का सपना दिखाने वाला प्रेमी उसे लुधियाना घुमाने के बाद वापस लाने के दौरान सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन पर मोबाइल और पैसे लेकर फरार हो गया।

पीड़िता सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है और एक बच्चे की मां है। महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

इंस्टाग्राम से शुरू हुआ प्यार

पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी करीब तीन साल पहले हुई थी और उसे एक बच्चा है। तीन महीने पहले वह इंस्टाग्राम चला रही थी, तभी बांका जिले के एक युवक से बातचीत शुरू हुई। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्यार हो गया।

युवक ने महिला को शादी का भरोसा दिलाया और उसे अपने साथ लुधियाना ले गया। वहां दोनों करीब तीन महीने तक साथ रहे।

लौटते समय स्टेशन पर धोखा

महिला के अनुसार, जब युवक ने घर लौटने की बात कही तो वह उसके साथ ट्रेन से वापस आ रही थी। सुल्तानगंज स्टेशन पर उतरते ही युवक ने अचानक मौका देखकर महिला का मोबाइल और नकदी लेकर फरार हो गया।

महिला को जब समझ आया कि उसके साथ धोखा हुआ है, तब तक युवक वहां से गायब हो चुका था।

थाने में शिकायत, महिला हेल्प डेस्क भेजी गई

घटना के बाद पीड़िता ने सुल्तानगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई है। थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी ली जा रही है और पीड़िता को महिला हेल्प डेस्क भेजा गया है।

सोशल मीडिया के रिश्तों से सबक

यह मामला एक बार फिर यह सवाल खड़ा करता है कि सोशल मीडिया पर बने रिश्तों पर आंख मूंदकर भरोसा करना कितना खतरनाक साबित हो सकता है। पुलिस अब आरोपी युवक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है।

  • Related Posts

    फॉर्मर आईडी पर सदन में गरमाया मामला, मंत्री बोले—किसी किसान का लाभ नहीं रुका

    Share Add as a preferred…

    Continue reading