
SSB–STF के साथ संयुक्त कार्रवाई में 200 के 173 नकली नोट बरामद, दो शातिर गिरफ्तार
मधुबनी। हरलाखी थाना पुलिस ने सशस्त्र सीमा बल (SSB) और विशेष कार्य बल (STF) के साथ मिलकर इंडो-नेपाल सीमा पर बड़ी कार्रवाई की है। संयुक्त छापेमारी में ₹200 के 173 जाली नोट (कुल ₹34,600) बरामद किए गए हैं। इस मामले में दो शातिर अपराधी गिरफ्तार हुए हैं, जिनका आपराधिक इतिहास रहा है।
नेपाल से भारत में घुसपैठ की थी साजिश
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि खुफिया सूचना मिली थी कि तस्कर नेपाल के रास्ते पिपरौन सीमा से भारत में जाली नोट लाने वाले हैं। सूचना मिलते ही हरलाखी पुलिस, SSB और STF ने सीमा पिलर संख्या 284/20 के पास घेराबंदी कर सघन जांच शुरू की।
इसी दौरान बाइक पर सवार दो संदिग्ध पुलिस को देख भागने लगे, जिन्हें पीछा कर दबोच लिया गया।
तलाशी में निकले 173 नकली नोट
पकड़े गए आरोपियों की पहचान मुकेश महतो (गोपालपुर) और सिकिल पंडित के रूप में हुई। तलाशी में मुकेश के पास से ₹200 के 173 जाली नोट मिले। जब्त नोटों का पंजाब नेशनल बैंक से सत्यापन कराया गया, जहां इनके जाली होने की आधिकारिक पुष्टि हुई।
पुराने अपराधी, छह मामले दर्ज
एसपी ने बताया कि दोनों के खिलाफ पहले से छह आपराधिक मामले दर्ज हैं और वे कई बार जेल जा चुके हैं। फिलहाल BNS की सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
नेटवर्क तक पहुंचेगी पुलिस
पुलिस अब इस तस्करी रैकेट से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान में जुटी है। इंडो-नेपाल सीमा पर सक्रिय जाली नोट गिरोहों के खिलाफ यह कार्रवाई बड़ी सफलता मानी जा रही है।


