कुरसेला (कटिहार)।कुरसेला प्रखंड क्षेत्र के दक्षिणी मुरादपुर पंचायत से जुड़ा एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में ग्राम कचहरी के सचिव को एक महिला से कथित रूप से रिश्वत लेते हुए देखा जा रहा है। हालांकि, हमारा चैनल इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
वीडियो सामने आने के बाद पूरे प्रखंड में हड़कंप मच गया है और लोग पंचायत व्यवस्था में पारदर्शिता पर सवाल उठा रहे हैं।
वीडियो में क्या दिख रहा है?
वायरल क्लिप में एक महिला ग्राम कचहरी सचिव को पैसे देती नजर आ रही है। बातचीत में सचिव यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि—
“ऐसे काम में दो हजार लगते हैं…”
और आगे यह भी सुना जा रहा है कि रकम 10 हजार रुपये तक लेने की बात कही जा रही है।
बताया जा रहा है कि महिला भूमि से जुड़े मामले के समाधान के लिए सचिव के पास गई थी।
सचिव ने आरोपों को बताया निराधार
वायरल वीडियो को लेकर ग्राम कचहरी सचिव ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि वीडियो को गलत तरीके से प्रस्तुत किया जा रहा है और वे किसी भी तरह की रिश्वतखोरी में शामिल नहीं हैं।
लोगों में आक्रोश, जांच की मांग
वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में नाराजगी बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि वीडियो सही है तो यह पंचायत स्तर पर फैले भ्रष्टाचार का गंभीर मामला है। लोगों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
प्रशासन ने लिया संज्ञान
मामले की गंभीरता को देखते हुए पंचायती राज पदाधिकारी ने तीन सदस्यीय जांच कमेटी का गठन कर दिया है।
पदाधिकारी ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद न्यायोचित और सख्त कार्रवाई की जाएगी।


