
सासाराम। रोहतास जिले के सासाराम में सड़क सुरक्षा माह 2026 के तहत शुक्रवार को आम लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए प्रभात फेरी निकाली गई। इस कार्यक्रम का आयोजन जिला परिवहन विभाग द्वारा किया गया। प्रभात फेरी को समाहरणालय परिसर स्थित जिला परिवहन कार्यालय से मोटर यान निरीक्षक (एमवीआई) के.के. त्रिपाठी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
प्रभात फेरी में एनसीसी, स्काउट और विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने हाथों में स्लोगन और तख्तियां लेकर लोगों को हेलमेट, सीट बेल्ट, गति सीमा और नशे में वाहन न चलाने जैसे नियमों के प्रति जागरूक किया।
1 से 31 जनवरी तक मनाया जा रहा सड़क सुरक्षा माह
एमवीआई के.के. त्रिपाठी ने बताया कि सड़क सुरक्षा माह 01 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक पूरे जिले में मनाया जा रहा है। इस दौरान जिलेभर में जागरूकता कार्यक्रम, कार्यशालाएं और अभियान चलाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इस प्रभात फेरी का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जान-माल की क्षति को कम करना है। दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट लगाने की अपील की गई।
एमवीआई ने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल कानून के डर से नहीं, बल्कि अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए जरूरी है। उन्होंने जिलेवासियों से सड़क सुरक्षा माह के कार्यक्रमों में भाग लेने की अपील की।


