कुनौली बॉर्डर पर SSB की बड़ी कार्रवाई, एक बांग्लादेशी महिला समेत 5 संदिग्ध गिरफ्तार

नेपाल के रास्ते भारत में अवैध प्रवेश की कोशिश, पूछताछ में सामने आया मामला

कुनौली (सीमा क्षेत्र)। 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने सीमा चौकी कुनौली चेक पोस्ट पर सतर्कता दिखाते हुए एक बांग्लादेशी महिला समेत कुल पांच संदिग्ध व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। सभी नेपाल से भारत में अवैध रूप से प्रवेश करने का प्रयास कर रहे थे।

ड्यूटी पर तैनात पोस्ट कमांडर सहायक उप निरीक्षक संजय कुमार ने चेक पोस्ट के पास कुछ लोगों को संदिग्ध अवस्था में घूमते और जांच से बचने की कोशिश करते देखा। शक होने पर उन्हें तुरंत रोककर पहचान संबंधी दस्तावेज मांगे गए।

नेपाल से भारत आ रहे थे सभी आरोपी
पूछताछ के बाद जिन लोगों को हिरासत में लिया गया, उनमें
एती अख्तर (28 वर्ष), निवासी गाजीपुर, बांग्लादेश,
मो. शाकिब (25 वर्ष), निवासी रायबरेली (उ.प्र.),
मो. बिलाल (25 वर्ष), निवासी रायबरेली (उ.प्र.),
प्रमोद प्रसाद (24 वर्ष), निवासी सप्तरी, नेपाल,
और रमेश कुमार (17 वर्ष), निवासी सप्तरी, नेपाल शामिल हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि सभी नेपाल से भारत की ओर आ रहे थे।

पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा
मो. शाकिब ने बताया कि उसने लगभग तीन वर्ष पहले जॉर्डन में एती अख्तर से विवाह किया था, लेकिन इसके समर्थन में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। साथ ही, एती अख्तर के पास भारत आने का कोई वैध वीजा भी नहीं था। इसी कारण वे नेपाल के रास्ते अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे।

थाना कुनौली को सौंपे गए आरोपी
इस पूरी कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक संजय कुमार सहित अन्य चार जवान शामिल रहे। आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद सभी आरोपियों को थाना कुनौली को अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए सौंप दिया गया है।

यह कार्रवाई सीमा सुरक्षा को लेकर SSB की सतर्कता और मुस्तैदी को दर्शाती है।

  • Related Posts

    फॉर्मर आईडी पर सदन में गरमाया मामला, मंत्री बोले—किसी किसान का लाभ नहीं रुका

    Share Add as a preferred…

    Continue reading