चकिया थाना क्षेत्र के सिमरिया गांव का मामला, जांच में जुटी पुलिस
बेगूसराय:बेगूसराय में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब वे खुलेआम कानून को चुनौती देते नजर आ रहे हैं। ताजा मामला चकिया थाना क्षेत्र के सिमरिया गांव से सामने आया है, जहां मूर्ति विसर्जन के दौरान खुलेआम फायरिंग की गई।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ युवक हाथ में हथियार लेकर हवाई फायरिंग करते और लोगों को जान से मारने की धमकी देते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
पहले मारपीट, फिर खुलेआम फायरिंग
स्थानीय लोगों के अनुसार, सिमरिया गांव में पहले कुछ युवकों के साथ मारपीट की घटना हुई थी। इसी विवाद के बाद कुछ दबंग युवकों ने हाथ में हथियार लेकर सरेआम फायरिंग शुरू कर दी। मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
इसी दौरान गांव के ही एक युवक ने साहस दिखाते हुए अपराधियों की पूरी करतूत अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर ली। अब वही वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पुलिस पर उठ रहे सवाल
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि अपराधियों को अब पुलिस का कोई खौफ नहीं रहा, तभी वे भीड़ के बीच खुलेआम फायरिंग कर रहे हैं।
पुलिस ने की पुष्टि, छापेमारी जारी
इस मामले पर पुलिस का कहना है कि एक दिन पहले सिमरिया गांव में मारपीट की घटना हुई थी। उसी विवाद को लेकर कुछ युवकों द्वारा हथियार लहराने और फायरिंग की सूचना मिली है। वायरल वीडियो के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


