पटना। नितिन नबीन के भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पूरे बिहार में जश्न का माहौल है। राजधानी पटना से लेकर नवादा तक बीजेपी कार्यालयों में आतिशबाजी, गुलाल और मिठाइयों के साथ कार्यकर्ताओं ने खुशी मनाई। कार्यकर्ता एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर इस ऐतिहासिक पल का जश्न मना रहे हैं।
“मैंने नितिन नबीन को गोद में खिलाया”
बीजेपी के वरिष्ठ नेता अरुण कुमार सिन्हा, जो कभी नितिन नबीन के पिता स्व. नबीन किशोर सिन्हा के साथ संगठन में काम कर चुके हैं, भावुक हो उठे।
उन्होंने कहा,
“मैंने नितिन नबीन को गोद में खिलाया है। आज मेरा सीना गर्व से चौड़ा हो गया है। जब उनके पिताजी पटना महानगर अध्यक्ष थे, तब मैं जनरल सेक्रेटरी था। आज वही बच्चा राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गया है।”
अरुण सिन्हा ने कहा कि नबीन किशोर सिन्हा और उनकी जोड़ी पटना से लेकर प्रदेश स्तर तक सक्रिय रही।
“जब नबीन किशोर विधायक बने थे, तब नितिन बहुत छोटे थे। आज वे राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं, इससे पूरे बिहार का सीना चौड़ा हो गया है।”
“बंगाल ही नहीं, पूरा देश जीतेंगे”
अरुण सिन्हा ने दावा किया कि नितिन नबीन के नेतृत्व में पार्टी देशभर में और मजबूत होगी।
उन्होंने कहा,
“अगर पूरे देश में एक साथ चुनाव हों, तो हम सिर्फ बंगाल ही नहीं, पूरा हिंदुस्तान जीतेंगे।”
राजनीति में आने की मजबूरी
अरुण सिन्हा ने बताया कि नितिन नबीन के पिता उन्हें इंजीनियर बनाना चाहते थे, लेकिन उनके निधन के बाद कार्यकर्ताओं और जनता की मांग पर उन्हें राजनीति में आना पड़ा।
“वे पिता के दुख में व्याकुल थे, लेकिन जनता की इच्छा ने उन्हें राजनीति में ला दिया।”
“आज मेरी आत्मा भी तृप्त है”
बीजेपी की वरिष्ठ नेता किरण घई ने दिल्ली में हुई मुलाकात को याद करते हुए कहा,
“आज तुम्हारे माता-पिता की आत्मा बहुत प्रसन्न हो रही होगी। नबीन किशोर जी हमारे साथी थे। आज मेरी आत्मा भी तृप्त हो रही है।”
उन्होंने कहा कि निवर्तमान अध्यक्ष जेपी नड्डा और नितिन नबीन दोनों की जन्मभूमि बिहार है।
“अब बंगाल की बारी है, क्योंकि शीर्ष नेतृत्व में एक बिहारी है।”
पैतृक गांव अमावां में भी जश्न
नितिन नबीन के पैतृक गांव नवादा जिले के रजौली प्रखंड के अमावां गांव में भी होली जैसा माहौल देखने को मिला।
एलजेपीआर नेता मो. तसलीम उद्दीन ढोलक की थाप पर नाचते हुए बोले,
“हमारे गांव के बेटे को इतनी बड़ी जिम्मेदारी मिली है। दुआ है कि वह एक दिन देश का प्रधानमंत्री बने और हमारे गांव का विकास करे।”
“पूरा नवादा होलीमय हो गया”
बीजेपी के पूर्व मंडल अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार सिंह ने कहा कि नितिन नबीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने से पूरा नवादा होलीमय हो गया है।
उनके रिश्ते में चाचा रविभूषण प्रसाद सिन्हा ने कहा,
“नितिन नबीन इसी धरती से निकलकर राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का बड़ा योगदान है। आज हीरा ने हीरा को पहचाना है।”
“युवाओं के लिए गौरव का क्षण”
भाजपा नेता और बिहार राज्य बाल श्रमिक आयोग के उपाध्यक्ष अरविंद सिंह ने कहा,
“हमारे क्षेत्र के विधायक का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना गौरव का क्षण है। नितिन नबीन बेहद सरल और मिलनसार नेता हैं। यह बिहार के युवाओं के लिए बड़ी प्रेरणा है।”
GEN-Z को साधने की रणनीति
भाजपा नेता कुमकुम भारद्वाज ने कहा कि पार्टी ने सोच-समझकर एक युवा चेहरे को बड़ी जिम्मेदारी दी है।
उन्होंने कहा,
“GEN-Z को ध्यान में रखते हुए भाजपा ने युवाओं को आगे लाने का फैसला किया है। नितिन नबीन का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना देश के युवाओं के लिए सकारात्मक संदेश है।”


