मालदा से पीएम मोदी का बड़ा ऐलान: वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की शुरुआत, बंगाल को नई रेल रफ्तार

मालदा (पश्चिम बंगाल)।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के मालदा से कई रेल और सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करते हुए कहा कि “आज से भारत में वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों की शुरुआत हो रही है, जो लंबी दूरी की यात्राओं को अधिक आरामदायक और आधुनिक बनाएगी।”

प्रधानमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से पश्चिम बंगाल की प्रगति को नई गति मिलेगी और लोगों के लिए यात्रा के साथ-साथ व्यापार और कारोबार भी आसान होगा। ट्रेन मेंटेनेंस से जुड़ी नई सुविधाओं से बंगाल के युवाओं को रोजगार के नए अवसर भी प्राप्त होंगे।

पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को बताया ऐतिहासिक

पीएम मोदी ने कहा—

“यह देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन मां काली की धरती को मां कामाख्या की भूमि से जोड़ रही है। आने वाले समय में यह आधुनिक ट्रेन पूरे देश में फैलेगी।”

उन्होंने कहा कि पहले लोग विदेशों की ट्रेनों को देखकर सोचते थे कि ऐसी सुविधा भारत में भी हो, लेकिन अब वही सपना साकार हो रहा है। यह ट्रेन पूरी तरह ‘मेड इन इंडिया’ है और भारतीय तकनीक व परिश्रम का प्रतीक है।

रेलवे के आधुनिकीकरण पर जोर

प्रधानमंत्री ने बताया कि आज भारतीय रेलवे कायाकल्प के दौर से गुजर रही है।
150 से अधिक वंदे भारत ट्रेनें देशभर में संचालित हो रही हैं। रेलवे लाइनों का विद्युतीकरण, स्टेशनों का आधुनिकीकरण और हाई-स्पीड नेटवर्क का विस्तार गरीब और मध्यम वर्ग के लिए बड़ी सुविधा बन रहा है।

बंगाल को मिलीं 4 नई अमृत भारत एक्सप्रेस

पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल को—

  • न्यू जलपाईगुड़ी–नागरकोइल
  • न्यू जलपाईगुड़ी–तिरुचिरापल्ली
  • अलीपुरद्वार–बेंगलुरु
  • अलीपुरद्वार–मुंबई

जैसी चार नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें मिली हैं, जिससे उत्तर बंगाल की दक्षिण और पश्चिम भारत से कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। तीर्थयात्रियों और लंबी दूरी के यात्रियों को विशेष लाभ मिलेगा।

आत्मनिर्भर बन रही भारतीय रेल

प्रधानमंत्री ने कहा—

“आज भारतीय रेल न सिर्फ आधुनिक हो रही है, बल्कि आत्मनिर्भर भी बन रही है।”

भारत अब अमेरिका और यूरोप से अधिक लोकोमोटिव बना रहा है और कई देशों को रेल कोच निर्यात कर रहा है, जिससे अर्थव्यवस्था को मजबूती और युवाओं को रोजगार मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि “भारत को जोड़ना हमारी प्राथमिकता है और दूरियों को कम करना हमारा मिशन।”


 

  • Related Posts