जमुई सांसद अरुण भारती के दही–चूड़ा भोज में हंगामा, LJPR कार्यकर्ताओं में भिड़ंत

जमुई। मकर संक्रांति के अवसर पर जमुई सांसद अरुण भारती द्वारा आयोजित दही–चूड़ा भोज उस वक्त विवादों में घिर गया, जब कार्यक्रम समाप्त होने के बाद लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के कार्यकर्ताओं के बीच जमकर हंगामा हो गया। जमुई और तारापुर से आए पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच हुई कहासुनी देखते ही देखते गहमागहमी में बदल गई, जिससे कुछ देर के लिए कार्यक्रम स्थल पर अफरा–तफरी मच गई।

दही–चूड़ा खाने को लेकर हुआ विवाद

मंगलवार को आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए थे। सांसद अरुण भारती की मौजूदगी में दही–चूड़ा भोज शांतिपूर्वक संपन्न हुआ, लेकिन जैसे ही सांसद अगले कार्यक्रम के लिए रवाना हुए, व्यवस्था को लेकर असंतोष उभर आया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दही–चूड़ा वितरण को लेकर जमुई के स्थानीय कार्यकर्ताओं और तारापुर से आए लोजपा (आर) कार्यकर्ताओं के बीच पहले बहस हुई, जो बाद में हंगामे में तब्दील हो गई।

नेताओं के हस्तक्षेप से शांत हुआ मामला

घटना की सूचना मिलते ही लोजपा (आर) के स्थानीय नेता और पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को समझा–बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया, जिसके बाद मामला शांत हुआ। हालांकि, इस हंगामे ने दही–चूड़ा भोज के उत्सवी माहौल को फीका कर दिया।

अपराध पर अरुण भारती का बयान

कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत में जमुई सांसद अरुण भारती ने जिले में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर कहा कि ये छिटपुट घटनाएं हैं।

उन्होंने कहा,
“जहां भी अपराध की घटनाएं हुई हैं, प्रशासन ने उस पर संज्ञान लिया है और कार्रवाई भी हुई है। ये संगठित अपराध नहीं हैं। विपक्ष के शासनकाल में अपहरण उद्योग बन गया था। आज कानून अपना काम कर रहा है।”

कर्ज के मुद्दे पर विपक्ष को जवाब

राजद नेता शक्ति यादव द्वारा बिहार पर तीन लाख करोड़ रुपये के कर्ज को लेकर किए गए सवाल पर अरुण भारती ने कहा कि कर्ज लेना अपराध नहीं है

उन्होंने कहा,
“अपराध तब होता है जब कर्ज का पैसा विकास के बजाय जेब भरने में लगे। 2005 में बिहार पर कितना कर्ज था, यह भी याद रखना चाहिए। लालू परिवार पर लगे आरोप साबित हो चुके हैं।”

जमुई में बढ़ी आपराधिक घटनाएं

गौरतलब है कि हाल के दिनों में जमुई में कई आपराधिक घटनाएं सामने आई हैं। सोमवार को कोर्ट से लौट रहे एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इससे पहले एक स्वर्ण व्यवसायी से हथियार के बल पर 50 लाख रुपये से अधिक की लूट हुई थी।

इसके अलावा महादेव सिमरिया में दिनदहाड़े घर वालों को बंधक बनाकर लूट और टेलवा बाजार में पुलिस की वर्दी में अपराधियों द्वारा लूट की घटनाएं भी सामने आई हैं। इनमें से कई मामलों का खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है।

पोस्टर विवाद के बाद क्षेत्र में सक्रिय

विधानसभा चुनाव के बाद पहली बार सांसद अरुण भारती लगातार तीन दिनों से जमुई में डेरा डाले हुए हैं। कुछ दिन पहले अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा शहर में पोस्टर लगाए गए थे, जिनमें लिखा था— “अरुण भारती लापता हैं”। इसके बाद से सांसद क्षेत्र में सक्रिय नजर आ रहे हैं और प्रशासनिक बैठकों के जरिए विकास कार्यों की समीक्षा कर रहे हैं।


 

  • Related Posts

    ईरान पर हमले को लेकर अमेरिका में घमासान, मार्को रुबियो के बयान से बढ़ा विवाद

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    ईरान पर हमले में अमेरिका को भारी खर्च, पहले 24 घंटे में 779 मिलियन डॉलर व्यय: रिपोर्ट

    Share Add as a preferred…

    Continue reading