बीसीसीआई–बीसीबी विवाद का असर, बांग्लादेश को करोड़ों का नुकसान तय

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) द्वारा बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल 2026 से बाहर किए जाने के बाद भारत और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के बीच तनाव बढ़ता दिख रहा है। इस विवाद का असर अब सिर्फ क्रिकेट तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि इसका सीधा आर्थिक नुकसान बांग्लादेश को उठाना पड़ सकता है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसी तनाव के चलते बांग्लादेश ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के अपने मुकाबले भारत में खेलने से इनकार कर दिया है। इसके साथ ही अब बांग्लादेश की खेल अर्थव्यवस्था को भी बड़ा झटका लगने की आशंका जताई जा रही है।

स्पोर्ट्स कंपनियों ने उठाया बड़ा कदम

भारत और बांग्लादेश के बीच बिगड़ते रिश्तों का असर भारतीय स्पोर्ट्स इक्विपमेंट कंपनियों पर भी दिखने लगा है। रिपोर्ट्स के अनुसार SG कंपनी ने बांग्लादेश के शीर्ष क्रिकेटरों के साथ अपने स्पॉन्सरशिप कॉन्ट्रैक्ट आगे नहीं बढ़ाने का फैसला किया है। इससे पहले SS (सरीन स्पोर्ट्स इंडस्ट्रीज) भी इसी तरह का कदम उठा चुकी है।

अब तक इसका नुकसान मुख्य रूप से बांग्लादेशी खिलाड़ियों को हो रहा था, लेकिन अब देश की अर्थव्यवस्था पर भी इसका प्रभाव पड़ता दिख रहा है।

बांग्लादेश में प्रोडक्शन बंद करने की तैयारी

टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत में एक सूत्र ने बताया कि सरीन स्पोर्ट्स इंडस्ट्रीज (SS) ने बांग्लादेश में अपना प्रोडक्शन बंद करने का फैसला किया है।

सूत्र के अनुसार,

“बांग्लादेशी खिलाड़ियों के स्पॉन्सरशिप कॉन्ट्रैक्ट रिन्यू होने वाले थे, लेकिन भारत और बांग्लादेश के बीच बढ़े राजनीतिक और क्रिकेट तनाव के कारण यह प्रक्रिया धीमी हो गई।”

डिस्ट्रीब्यूशन भी रुका

रिपोर्ट्स में बताया गया है कि पिछले वर्ष बांग्लादेश में हालात बिगड़ने के बाद SS ने चार–पांच शीर्ष बांग्लादेशी क्रिकेटरों के स्पॉन्सरशिप कॉन्ट्रैक्ट रद्द कर दिए थे। यह मामला सिर्फ कॉन्ट्रैक्ट रिन्यू न होने तक सीमित नहीं है।

बताया जा रहा है कि SG ने पिछले छह महीनों से बांग्लादेश में अपने क्रिकेट इक्विपमेंट का डिस्ट्रीब्यूशन बंद कर दिया है। इसके अलावा, पहले बांग्लादेश की फैक्ट्रियों में बड़ी मात्रा में स्पोर्ट्स अपैरल और इक्विपमेंट तैयार किए जाते थे, जिन्हें SG और अन्य भारतीय कंपनियों को सप्लाई किया जाता था। यह सप्लाई चेन भी पिछले एक साल से ठप पड़ी है।

करोड़ों के नुकसान की आशंका

स्पोर्ट्स इंडस्ट्री से जुड़े विशेषज्ञों का मानना है कि अगर यह स्थिति लंबे समय तक बनी रही तो बांग्लादेश को करोड़ों रुपये के राजस्व नुकसान का सामना करना पड़ सकता है। इससे न सिर्फ खिलाड़ियों की कमाई प्रभावित होगी, बल्कि देश में रोजगार और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर पर भी नकारात्मक असर पड़ सकता है।


 

  • Related Posts

    पूर्व ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज की बड़ी भविष्यवाणी: टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में भिड़ेंगे भारत और साउथ अफ्रीका

    Share Add as a preferred…

    Continue reading