
पटना। राजधानी पटना में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। मामूली विवाद अब गोलीबारी और हत्या तक पहुंच रहे हैं। ताजा मामला बाढ़ अनुमंडलीय थाना क्षेत्र के जल गोविंद गांव का है, जहां वर्चस्व को लेकर दो गुटों के बीच हुई फायरिंग में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान 40 वर्षीय धर्मवीर पासवान के रूप में की गई है।
बच्चों के विवाद से शुरू हुआ था मामला
घटना के संबंध में मृतक के भाई ने बताया कि कुछ दिन पहले गांव में बच्चों के खेलने को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद को लेकर एक पक्ष ने मारपीट का मामला थाना में दर्ज कराया था। आरोप है कि मुकदमा वापस नहीं लेने पर गांव के मुखिया ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर धर्मवीर पासवान को घर से खींचकर बाहर निकाला और उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।
तीन गोलियां लगने से गंभीर रूप से घायल
धर्मवीर पासवान को तीन गोलियां लगी थीं। स्थानीय लोगों की मदद से उसे बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर पटना रेफर किया गया। इलाज के दौरान शनिवार रात उसकी मौत हो गई।
सड़क पर शव रखकर किया प्रदर्शन
घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन किया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर शांत कराया। पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।
एक आरोपी गिरफ्तार, छापेमारी जारी
बाढ़ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आनंद कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों ने भगत मुखिया पर हत्या का आरोप लगाया है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल से छह खोखे भी बरामद किए हैं।
आनंद कुमार सिंह, एसडीपीओ, बाढ़-01:
“तीन जनवरी की संध्या में जल गोविंद गांव में गोलीबारी की घटना हुई थी, जिसमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ था और इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। घटना पूर्व विवाद से जुड़ी बताई जा रही है।”


