रोहतास। बिहार में पुलिस ने बड़ा एक्शन लेते हुए शादी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। रोहतास जिले में सक्रिय इस लुटेरी दुल्हन गैंग के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन महिलाओं समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से शादी-विवाह से जुड़े गहने और नकद रुपये भी बरामद किए गए हैं।
शादी का झांसा देकर करते थे ठगी
डेहरी के एएसपी अतुलेश झा ने बताया कि यह गिरोह राज्य से बाहर के उन पुरुषों को निशाना बनाता था, जिनकी उम्र अधिक है और जिनकी शादी नहीं हो पा रही थी। आरोपी ऐसे पुरुषों को बिहार में शादी कराने का झांसा देते थे और गिरोह की ही किसी महिला से फर्जी तरीके से शादी करवा देते थे।
शादी के नाम पर मोटी रकम लेने के बाद आरोपी वहां से फरार हो जाते थे।
तीन महिलाएं और दो पुरुष गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, इस गिरोह में शामिल जया पटेल, रागिनी देवी उर्फ झुन्नी देवी और धर्मशिला देवी को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा अभिषेक पटेल और श्रवण कुमार को भी हिरासत में लिया गया है।
आरोपियों के पास से सोने-चांदी के आभूषण, जिनमें मंगलसूत्र, पायल, नथनी, बिछिया और साड़ी शामिल हैं, के साथ-साथ 1 लाख 33 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस ने की कार्रवाई
बताया जा रहा है कि आरोपी करीब 1 लाख 40 हजार रुपये लेकर दूसरे राज्य के एक युवक की शादी डेहरी की एक लड़की से कराने के लिए लाए थे। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली और डेहरी नगर थाना क्षेत्र के एनिकट इलाके से सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
एएसपी अतुलेश झा ने बताया,
“सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। ये सभी जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के रहने वाले हैं। इनके अन्य सहयोगियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। आरोपियों के पास से नकद राशि और शादी से जुड़े कई आभूषण बरामद किए गए हैं।”
टीम गठित कर की गई कार्रवाई
पुलिस को फर्जी शादी के जरिए ठगी की सूचना मिलने के बाद डेहरी नगर थानाध्यक्ष शिवेंद्र कुमार के नेतृत्व में डीआईयू टीम सहित विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करगहर थाना क्षेत्र के गोरी गांव निवासी जया कुमारी पटेल और काराकाट थाना क्षेत्र की रागिनी उर्फ झुन्नी देवी को पहले हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान दोनों महिलाओं ने गिरोह के अन्य सदस्यों के नाम उजागर किए, जिसके बाद धर्मशिला देवी, अभिषेक पटेल और श्रवण कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
अन्य सदस्यों की तलाश जारी
गिरफ्तार रागिनी देवी की निशानदेही पर अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है। सभी के खिलाफ डेहरी नगर थाना में कांड संख्या 5/026 दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है।


