मुजफ्फरपुर के जिला कृषि पदाधिकारी 19 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर। बिहार सरकार की भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में शनिवार को निगरानी की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुजफ्फरपुर के जिला कृषि पदाधिकारी सुधीर कुमार को 19 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी शहर के चर्च रोड स्थित उनके किराए के निजी आवास से की गई है।

अतिरिक्त प्रभार में थे कई महत्वपूर्ण पद

गिरफ्तार अधिकारी सुधीर कुमार के पास वर्तमान में जिला कृषि पदाधिकारी के साथ-साथ परियोजना निदेशक (आत्मा) एवं सहायक निदेशक (शस्य) तिरहुत प्रमंडल का अतिरिक्त प्रभार भी था। निगरानी विभाग के अनुसार यह मामला कृषि विभाग के एक निविदा (कॉन्ट्रैक्ट) कर्मी के पुनः योगदान से जुड़ा हुआ है।

दो लाख रुपये की मांग का आरोप

परिवादी संतोष कुमार ने आरोप लगाया कि प्रखंड तकनीकी प्रबंधक के रूप में सेवा विस्तार और दोबारा नियुक्ति के बदले सुधीर कुमार ने उससे दो लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। मजबूरी में संतोष कुमार ने नौकरी बचाने के लिए बैंक से लोन लिया, पत्नी के गहने गिरवी रखे और अपनी गाड़ी बेचकर 5 दिसंबर को आरोपी अधिकारी को 1 लाख 81 हजार रुपये दे दिए थे।

शेष राशि के लिए बना रहा दबाव

आरोप है कि इतनी बड़ी रकम देने के बावजूद अधिकारी द्वारा शेष 19 हजार रुपये की मांग लगातार की जा रही थी। मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर संतोष कुमार ने 11 दिसंबर को पटना स्थित निगरानी अन्वेषण ब्यूरो में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत सत्यापन के बाद ट्रैप

शिकायत के सत्यापन में आरोप सही पाए जाने के बाद निगरानी विभाग ने विशेष ट्रैप टीम का गठन किया। योजना के तहत शनिवार को जब परिवादी शेष 19 हजार रुपये देने आरोपी के आवास पर पहुंचा, उसी समय पहले से मौजूद निगरानी टीम ने सुधीर कुमार को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

निगरानी डीएसपी का बयान

निगरानी डीएसपी मिथिलेश कुमार ने बताया कि जिला कृषि पदाधिकारी सह परियोजना निदेशक (आत्मा) सुधीर कुमार को उनके आवास से 19 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में निगरानी थाना कांड संख्या 03/26 दर्ज किया गया है।

उन्होंने बताया कि आरोपी अधिकारी के आवास पर छापेमारी और संबंधित दस्तावेजों की जांच की जा रही है। आगे की कानूनी कार्रवाई प्रक्रिया में है।

भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश

यह कार्रवाई राज्य सरकार की भ्रष्टाचार के प्रति सख्त नीति का स्पष्ट संदेश मानी जा रही है। निगरानी विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी रिश्वत की मांग करता है, तो बिना डर के इसकी शिकायत करें।


 

  • Related Posts