बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय की संपत्तियों को लेकर नए खुलासे सामने आए हैं। दिलचस्प बात यह है कि मंत्री द्वारा खरीदी गई या पत्नी के नाम पर ली गई अधिकतर संपत्तियों का मार्केट वैल्यू बढ़ने की बजाय घटता जा रहा है। सिवान से लेकर पटना और दिल्ली तक की संपत्तियों में उन्हें नुकसान होता दिख रहा है।
नीतीश कैबिनेट के सभी मंत्रियों ने 31 दिसंबर 2025 को अपनी संपत्ति का ब्योरा सार्वजनिक किया है। इसी क्रम में स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय की संपत्ति का विवरण भी सामने आया है, जिसमें कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं।
2025 में सिवान में खरीदी 6 संपत्तियां, साल खत्म होते-होते घट गया दाम
स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने वर्ष 2025 में अपनी पत्नी उर्मिला पांडेय के नाम पर सिवान जिले में कृषि योग्य चार प्लॉट खरीदे। लेकिन इन सभी जमीनों का मूल्य वर्ष के अंत तक कम हो गया।
- 11 अप्रैल 2025 को 3,19,275 रुपए में खरीदी गई जमीन का मौजूदा मूल्य करीब 3 लाख रुपए
- 29 अप्रैल 2025 को 3,28,875 रुपए में खरीदी गई जमीन का मूल्य घटकर 3,10,000 रुपए
- 29 अप्रैल 2025 को 3,74,355 रुपए में खरीदी गई जमीन की कीमत अब 3,40,000 रुपए
- 26 जून 2025 को 3,07,355 रुपए में खरीदी गई जमीन का मूल्य घटकर 2,80,000 रुपए
इस तरह सिवान में खरीदी गई सभी संपत्तियों के दाम में गिरावट दर्ज की गई है।
पटना फ्लैट से 14 महीने में 4.33 लाख रुपए का नुकसान
मंगल पांडेय की पत्नी के नाम पर पटना में पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन के पास 1370 स्क्वायर फीट का एक फ्लैट है। इसकी रजिस्ट्री 3 अक्टूबर 2024 को हुई थी।
- खरीद मूल्य: 47,35,550 रुपए
- वर्तमान मार्केट वैल्यू: 43 लाख रुपए
यानी करीब 14 महीने में फ्लैट की कीमत 4.33 लाख रुपए घट गई।
दिल्ली के द्वारका फ्लैट का मूल्य भी गिरा
स्वास्थ्य मंत्री की पत्नी के नाम पर दिल्ली के सेक्टर-6, द्वारका में 1063 स्क्वायर फीट का फ्लैट है।
- वर्ष 2019 में खरीदा गया मूल्य: 90 लाख रुपए
- वर्ष 2025 में मार्केट वैल्यू: 87 लाख रुपए
यहां भी संपत्ति की कीमत में 3 लाख रुपए की गिरावट दर्ज की गई है।
पत्नी ने पति से लिया 22 लाख रुपए का कर्ज
घोषणा के अनुसार, मंगल पांडेय की पत्नी पर बैंक का 20.50 लाख रुपए का हाउस लोन बाकी है। इसके अलावा उन्होंने अपने पति मंगल पांडेय से 22 लाख रुपए का व्यक्तिगत कर्ज भी लिया हुआ है।
एक बैंक खाते में 1 करोड़ से अधिक जमा
स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय के पास नकद, गहने, वाहन और हथियार समेत कुल 1 करोड़ 32 लाख 16 हजार 75 रुपए की चल संपत्ति है।
- SBI पटना अकाउंट में: 1,01,66,660 रुपए
- PNB आर.के. एवेन्यू में: 18,83,415 रुपए
- कैश: 59 हजार रुपए
- 240 ग्राम सोना, टाटा सफारी गाड़ी और 52 हजार रुपए की राइफल
पत्नी के पास 680 ग्राम सोना, 7 किलो चांदी
स्वास्थ्य मंत्री की पत्नी उर्मिला पांडेय के नाम पर—
- 680 ग्राम सोना
- 7 किलो चांदी
- M/S Pandey Scientific & Sports (पटना) नामक कंपनी, जिसकी पूंजी 2,64,024.54 रुपए
पत्नी के नाम पर कुल चल संपत्ति का मूल्य 54 लाख 97 हजार 954 रुपए बताया गया है।


