अमित शाह का बंगाल दौरा आज खत्म, BJP नेताओं–कार्यकर्ताओं के साथ करेंगे अहम बैठकें

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तीन दिवसीय पश्चिम बंगाल दौरे पर हैं। बुधवार को उनका दौरे का अंतिम दिन है। इस दौरान भी वह लगातार ममता बनर्जी सरकार पर हमलावर नजर आ रहे हैं। आज के कार्यक्रम में शाह भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ कई अहम बैठकों में हिस्सा लेंगे।

मिली जानकारी के अनुसार, अमित शाह अपने दौरे की शुरुआत उत्तर कोलकाता स्थित थंथनिया काली मंदिर में पूजा-अर्चना से करेंगे। इसके बाद वह सुबह करीब 11:30 बजे पार्टी के चुने हुए प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। वहीं, दोपहर करीब 1:45 बजे शाह साइंस सिटी ऑडिटोरियम पहुंचेंगे, जहां वह पार्टी के जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।

2026 विधानसभा चुनाव से पहले अहम दौरा

भारतीय जनता पार्टी के प्रमुख चुनावी रणनीतिकार माने जाने वाले अमित शाह का यह दौरा 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले काफी अहम माना जा रहा है। राज्य में मार्च–अप्रैल 2026 में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है। ऐसे में बीजेपी संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति को धार देने की कोशिश में शाह लगातार सक्रिय दिख रहे हैं।

ममता सरकार पर तीखा हमला

इससे पहले मंगलवार को कोलकाता में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए अमित शाह ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल की जनता आगामी विधानसभा चुनाव में बीजेपी की सरकार बनाने का मन बना चुकी है। उन्होंने कहा कि बीजेपी राज्य में विकास और गरीब कल्याण के एजेंडे पर काम करते हुए बंगाल की विरासत को फिर से जीवंत करेगी।

अमित शाह ने तृणमूल कांग्रेस सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में कुशासन और अवैध घुसपैठ को बढ़ावा दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी सरकार भारत-बांग्लादेश सीमा पर बाड़ लगाने के लिए जमीन उपलब्ध नहीं करा रही है। शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री इस सवाल पर कोई जवाब नहीं दे रही हैं और इसका राजनीतिक खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ेगा।

नेताजी सुभाष चंद्र बोस का किया स्मरण

प्रेस कॉन्फ्रेंस में अमित शाह ने कहा कि 30 दिसंबर का दिन हर भारतीय के लिए गर्व का दिन है, क्योंकि इसी दिन 1930 में नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने पोर्ट ब्लेयर में तिरंगा फहराया था। उन्होंने कहा कि अब बंगाल के लिए भी एक निर्णायक समय आ गया है और बीजेपी पूरी रणनीति के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी।

ममता बनर्जी का पलटवार

वहीं, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अमित शाह के आरोपों पर पलटवार किया है। उन्होंने बीजेपी नेताओं की तुलना महाभारत के दुर्योधन और दुशासन से करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने सीमा पर बाड़ लगाने के लिए जमीन उपलब्ध कराई थी। ममता ने आरोपों को बेबुनियाद बताया।


 

  • Related Posts

    सुप्रीम कोर्ट में आज दिखेगा अनोखा नजारा, वकील के रूप में पेश हो सकती हैं सीएम ममता बनर्जी

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    CEC–ममता टकराव: चुनाव आयोग ने कहा—कानून हाथ में लिया तो सख्ती होगी ममता बनर्जी बोली ‘इतना अहंकारी चुनाव आयुक्त कभी नहीं देखा’

    Share Add as a preferred…

    Continue reading