आरा में विशेष निगरानी विभाग की बड़ी कार्रवाई, पंचायत सचिव 10 हजार की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार

आरा: बिहार के आरा में विशेष निगरानी विभाग (विजिलेंस) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरा सदर प्रखंड कार्यालय में तैनात पंचायत सचिव को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पंचायत सचिव जन्म प्रमाण पत्र बनाने के बदले 10 हजार रुपये की रिश्वत ले रहा था।

शिकायत मिलने के बाद मंगलवार को विशेष निगरानी विभाग की टीम आरा पहुंची और सत्यापन के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

चार महीने से कार्यालय के चक्कर काट रहा था परिवार

मिली जानकारी के अनुसार, मोतिहारी जिले के पीपरा निवासी शिकायतकर्ता नवीन कुमार सिंह की बेटी की शादी दरियापुर गांव में हुई है। उनकी बेटी अपनी सास का जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए पिछले चार महीनों से आरा सदर प्रखंड कार्यालय के चक्कर काट रही थी।

20 हजार की मांग, 10 हजार में बनी बात

आरोप है कि दौलतपुर पंचायत के पंचायत सचिव जितेंद्र प्रसाद ने जन्म प्रमाण पत्र जारी करने के एवज में पहले 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायतकर्ता के अनुरोध पर बाद में 10 हजार रुपये में सौदा तय हुआ।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि पंचायत सचिव ने साफ कहा था कि जब तक पैसे नहीं मिलेंगे, तब तक प्रमाण पत्र नहीं बनेगा। बीडीओ से फॉर्म पर हस्ताक्षर कराने के बावजूद पंचायत सचिव लगातार टालमटोल करता रहा और रिश्वत की मांग करता रहा।

रिश्वत लेते समय विजिलेंस ने दबोचा

इसके बाद 29 दिसंबर को पीड़िता ने विशेष निगरानी विभाग में शिकायत दर्ज कराई। जांच में आरोप सही पाए जाने पर विजिलेंस की टीम ने जाल बिछाया।

मंगलवार को जब पंचायत सचिव उप प्रमुख के चैंबर के पास शिकायतकर्ता से रिश्वत की राशि लेकर टेबल के नीचे रख रहा था, तभी विशेष निगरानी विभाग की टीम ने उसे रंगेहाथ पकड़ लिया।

डीएसपी चंद्र भूषण ने बताया,
“पंचायत सचिव द्वारा जन्म प्रमाण पत्र बनाने के लिए अवैध राशि मांगे जाने की शिकायत मिली थी। जांच के बाद कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।”

बीडीओ की भूमिका की भी जांच

विशेष निगरानी विभाग के डीएसपी चंद्र भूषण ने बताया कि आरोपी पंचायत सचिव ने दावा किया है कि वह यह काम बीडीओ के कहने पर कर रहा था। इस बिंदु पर भी जांच की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कदम उठाया जाएगा।

तीन साल से था तैनात

गिरफ्तार पंचायत सचिव शेखपुरा जिले के कुसुमा हॉल्ट का निवासी बताया जा रहा है। वह पिछले तीन वर्षों से दौलतपुर पंचायत में पंचायत सचिव के पद पर कार्यरत था। इस कार्रवाई के बाद प्रखंड कार्यालय में हड़कंप मच गया है।


 

  • Related Posts