जोगसर के खरमनचक में दर्दनाक हादसा,घर की पानी की टंकी में डूबने से नीरज कुमार की मौत, इलाके में शोक

भागलपुर: भागलपुर के जोगसर थाना क्षेत्र अंतर्गत खरमनचक मोहल्ले में एक बेहद दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान नीरज कुमार के रूप में हुई है, जिनकी घर की पानी की टंकी में डूबने से मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में शोक और मातम का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नीरज कुमार बीते कल शाम अपने घर की छत पर स्थित पानी की टंकी की जांच करने के लिए गए थे। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वे अचानक टंकी में गिर गए। पानी अधिक होने के कारण वे बाहर नहीं निकल सके और डूबने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि नीरज कुमार अपने घर में अपनी वृद्ध मां के साथ रहते थे, जबकि उनका बड़ा भाई अमेरिका में नौकरी करता है। जब देर रात तक नीरज घर नहीं लौटे तो उनकी मां चिंतित हो गईं और उन्होंने अपने बड़े बेटे को फोन कर इसकी जानकारी दी।

इसके बाद बड़े भाई ने पास में रहने वाले परिचितों और पड़ोसियों को घटना की जानकारी दी। देर रात मोहल्ले के लोग अपने स्तर से नीरज की तलाश करने लगे। इसी क्रम में जब एक पड़ोसी छत पर गया, तो उसने देखा कि नीरज कुमार पानी की टंकी में डूबे हुए थे, जिनका आधा शरीर टंकी से बाहर निकला हुआ था। यह दृश्य देखते ही इलाके में हड़कंप मच गया।

घटना की सूचना तत्काल जोगसर थाना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को टंकी से बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और इसे दुर्घटनावश हुई मौत मानते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई है। वहीं, इस दर्दनाक घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई है।

  • ये भी पढ़े..

    पटना में 23 हजार से अधिक वाहन ब्लैकलिस्ट, परिवहन विभाग की सख्ती बढ़ी

    Share Add as a preferred…

    भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा, CBI जांच की मांग पर आज सुनवाई

    Share Add as a preferred…