बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। अहियापुर थाना क्षेत्र के भगवतीपुर गांव में एक 19 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान ममता खातून, पति मोहम्मद सेराज के रूप में हुई है।
घटना के बाद से ही ससुराल पक्ष के सभी लोग घर छोड़कर फरार हैं, जिससे मामला और भी संदेहास्पद हो गया है।
3 महीने पहले हुई थी शादी, 5 लाख रुपये दिया था दहेज
मृतका के पिता मोहम्मद माजिद ने बताया कि उन्होंने अपनी सबसे छोटी बेटी ममता की शादी बड़े अरमानों और धूमधाम से की थी। उन्होंने अपनी क्षमता के अनुसार करीब 5 लाख रुपये दहेज के रूप में दिए थे।
लेकिन शादी के कुछ ही समय बाद ससुराल वालों की लालच बढ़ गई और वे अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर ममता को प्रताड़ित करने लगे।
दो दिन पहले दिए थे 2 लाख रुपये, फिर भी नहीं रुका उत्पीड़न
परिजनों का आरोप है कि
शादी के समय दी गई रकम के बावजूद लगातार पैसों की मांग की जा रही थी।
ममता के पिता ने रोते हुए कहा—
“दो दिन पहले ही हमने 2 लाख रुपये और दिए थे, ताकि हमारी बेटी चैन से रह सके। लेकिन उन्हें इससे भी संतोष नहीं हुआ। आरोप है कि उन्होंने गला दबाकर मेरी बेटी की हत्या कर दी।”
उन्होंने प्रशासन से दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है।
पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की सूचना मिलते ही अहियापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
थाना प्रभारी रोहन कुमार ने बताया कि—
“प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन परिजनों द्वारा लगाए गए हत्या के आरोपों को भी गंभीरता से लिया जा रहा है।”
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए SKMCH भेज दिया है।
थाना प्रभारी के अनुसार—
“पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा। उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
ससुराल पक्ष फरार, पुलिस कर रही छापेमारी
घटना के बाद से ही भगवतीपुर गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।
मृतका के ससुराल वाले घर में ताला लगाकर फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
एक हंसती-खेलती नवविवाहिता की इस तरह संदिग्ध मौत ने एक बार फिर दहेज प्रथा और महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


